Amazing Love Story : 19 वर्षीय प्रेमिका के घर में 17 वर्षीय प्रेमी कर रहा था रोमांस, परिजन ने कहा रुको-दो साल बाद आना
Amazing Love Story बिहार के पूर्णिया में बालिग प्रेमिका के घर नाबालिग प्रेमी पहुंच गया। दोनों आपस में रोमांस कर रहे थे। परिजन की नजर पड़ गई। प्रेमी को बंधक बना लिया गया। इसके बाद फैसला हुआ प्रेमी को दो साल बाद बुलाना अभी नहीं।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। Amazing Love Story : एक लडका को अपने से दो साल बड़ी लड़की से प्रेम हो गया। प्रेम भी ऐसा कि लड़का अपनी प्रेमिका के घर आना-जाना शुरू कर दिया। इसी दौरान प्रेमिका के स्वजन की नजर उस पर पड़ गई। फिर क्या था, स्वजनों ने तत्काल उसे बंधक बना लिया। साथ ही दोनों की शादी कराने की तैयारी शुरू कर दी गई। प्रेमिका बालिग थी, लेकिन प्रेमी कानूनी रुप से शादी के लायक नहीं था। इस स्थिति में किशोर के पिता ने तत्काल इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दी। इस सूचना पर चाइल्ड लाइन के जिला समन्वयक द्वारा जलालगढ़ उपकेंद्र चाइल्ड लाइन टीम लीडर जय कृष्णा गुरुंग को पूरी बात की जानकारी दी। टीम लीडर द्वारा इसकी लिखित सूचना जलालगढ़ बीडीओ कुमार विश्वास को दिया गया। बाद में बीडीओ के साथ-साथ जलालगढ़ थाना की पुलिस और चाइल्ड लाइन के सदस्य वहां पहुंचे और स्वजनों को काफी समझाने के बाद किशोर को मुक्त कराया जा सका। यह घटना जलालगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
एक ही जगह करते थे मजदूरी, हो गया प्यार
चाइल्ड लाइन के जिला समन्वयक मयूरेश गौरव ने बताया कि किशोर के साथ साथ बालिग लड़की एक ही जगह मजदूरी करते थे। उसी क्रम में दोनों में प्यार हो गया। फिर दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी। प्यार परवान चढ़ता गया और दोनों साथ जीने-मरने की कसमें भी खाने लगे। किशोर ने प्रेमिका के घर आना-जाना भी शुरु कर दिया। इसी दौरान स्वजनों की नजर पड़ी और उन्होंने किशोर को बंधक बना लिया। किशोर पर लड़की से शादी करने का दबाब बनाया जाने लगा। बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समक्ष एक बांड बनाकर लड़के को मुक्त कराया गया। किशोर का उम्र 17 वर्ष तो प्रेमिका की उम्र 19 वर्ष है। इस मौके पर चाइल्ड लाइन के टीम लीडर जय कृष्णा, कालेब गुरुंग व अरविंद कुमार सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।
बेइंतहा प्यार करता हूं, दो साल बाद भी शादी उसी से
इधर प्रशासनिक अधिकारियों, चाइल्ड लाइन के सदस्यों व कतिपय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किशोर ने कहा कि व इस लड़की से बेइंतहा प्यार करता हैं। उसके बिना वह जी नहीं सकता। वह दो साल इंतजार करेगा और जब 21 साल का हो जाएगा तो इसी लड़की से शादी करेगा।