विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अजगैबीनाथ धाम: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का आज समापन, सावन पूर्णिमा पर उमड़ा कांवड़ियों का जनसैलाब

Published: Fri, 28 Aug 2026 03:32 PM (IST)

सावन पूर्णिमा पर अजगैबीनाथ धाम में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का समापन हो गया, जिसमें कांवरियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ...और पढ़ें

सावन पूर्णिमा पर उमड़ा कांवड़ियों का जनसैलाब

सावन पूर्णिमा पर उमड़ा कांवड़ियों का जनसैलाब

HighLights

  1. विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का सावन पूर्णिमा पर समापन।

  2. अजगैबीनाथ धाम में कांवरियों का भारी जनसैलाब उमड़ा।

  3. बढ़ते गंगा जलस्तर से स्नान में भक्तों को परेशानी।

संवाद सूत्र, अजगैबीनाथ धाम। भगवान शिव के सबसे प्रिय माह सावन का समापन आज पूर्णिमा के साथ हो जायेगा। पूर्णिमा को लेकर जल भरने के लिए गंगानगरी से बाबानगरी जाने वाले कांवरियों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। कांवरियों का उत्साह अभी भी चरम पर है। जो भी शिव भक्त गंगाजल भरने के लिए अजगैवीनाथ धाम पहुंच रहे हैं उनमें गजब का उत्साह है। 

सावन शुक्ल पक्ष चतुर्दशी गुरुवार को वैसे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी जो बाबा बैद्यनाथ पर श्रावणी जल से जलाभिषेक करेंगे। अजगैवीनाथ धाम में बिहार, झारखंड, नेपाल, बंगाल सहित अन्य राज्यों से आए लगभग एक लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने गुरुवार को पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा तट पर गंगा स्नान किया। इसके बाद बाबा अजगैबीनाथ मंदिर पर जलाभिषेक करने के बाद जल संकल्प लेकर बाबाधाम के लिए रवाना हुए।

गंगा स्नान करने में काफी परेशानी

इधर लगातार गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण नमामि गंगे घाट की सभी सीढ़ियां जलमग्न हो गई है। कावंड़ियों को गंगा स्नान करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डाक बम पंजीयन काउंटर, जर्मन हैंगर टेंट सिटी, नमामि गंगा घाट के इर्द-गिर्द बने शौचालय में पानी प्रवेश कर चुका है। बाढ़ प्रमंडल की टीम लगातार बैरिकेडिंग को दुरुस्त करने में लगी है। 

नमामि गंगे घाट पर सुरक्षा में लगे सुरक्षा कर्मी व स्वास्थ्य कर्मी अभी भी डटे हुए हैं। सावन शुक्ल चतुर्दशी तिथि को अल सुबह से अजगैवीनाथ मंदिर घाट सहित सड़कों पर कांवरियों की भीड़ दिखी। नेपाल से आए कांवरिया नंदकिशोर राय ने बताया कि जिस तरह भगवान भोले को सावन माह अति प्रिय है। उसी तरह अजगैवीनाथ धाम का पवित्र उत्तरवाहिनी का गंगाजल प्रिय है। 

बाबा भोले को पवित्र उत्तर वाहिनी गंगाजल से अभिषेक करने से मन वांछित फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि पुत्र को सरकारी नौकरी मिले इसी मन्नत को लेकर बाबा के दरबार में अर्जी लगाने जा रहे हैं।