यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिहार में 'अग्निपथ' पर विरोध: सहरसा में रेलवे ट्रैक पर आगजनी, रोकी गई ट्रेन, बांका और खगड़िया में भी उग्र प्रदर्शन
Agneepath Scheme भारतीय सशस्त्र सेनाओं में भर्ती के लिए शुरू की गई योजना अग्निपथ स्कीम के विरोध में प्रदर्शन शुरू ...और पढ़ें

जागरण टीम, बिहार: Agneepath Scheme के विरोध में गुरुवार को भी बिहार के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। युवा सड़कों पर उतर आए हैं। सहरसा में रेलवे ट्रैक पर आगजनी कर रेल चक्का जाम कर दिया गया है। यहां ट्रेन को रोक जमकर नारेबाजी की जा रही है। अल सुबह ही सहरसा में आर्मी में बहाली को लेकर युवाओं ने सहरसा रेल का चक्का जाम कर दिया है। युवा रेल पटरी पर बैठ गए, जिससे कई ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। वैशाली व राज्यरानी एक्सप्रेस स्टेशन पर रुकी है। यात्री परेशान हैं। अमृतसर स्पेशल ट्रेन भी रुकी है। जाम प्रदर्शन जारी ही है। एसडीओ, एसडीपीओ सहित रेल पुलिस जामस्थल पर कैंप किए हुए हैं। इस दौरान ट्रैक पर आगजनी भी कई गई।

खगड़िया में रेल चक्का जाम
केंद्र सरकार की नई योजना अग्निपथ के विरोध में खगड़िया में छात्र नौजवानों ने रेल ट्रैक को जाम कर दिया है। छात्र नौजवान खगड़िया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन के पास ट्रैक पर रेल पटरी रखकर ट्रेन परिचालन को बाधित कर दिया है। जिसके कारण 28181 डाउन टाटा लिंक एक्सप्रेस खगड़िया जंक्शन पर 10:17 से खड़ी है। रेलवे के अधिकारी समझाने बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक छात्र नौजवान पटरी पर से हटे नहीं हैं। इधर सहरसा में आंदोलन के कारण 15284 जानकी ट्रेन बदला घाट में एक घंटे से खड़ी है।

बांका में भी रेल चक्का जाम
बांका में युवाओं ने बांका -इंटरसिटी ट्रेन को बांका रेलवे स्टेशनन पर रोक दिया। स्थानीय मीलिट्री ग्रांउड के दर्जनों युवाओं ने स्टेशन पर पहुंचकर इसका विरोध किया। युवाओं ने केंद्र सरकार से इस योजना को वापस करने की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची स्थानीय एवं रेलवे पुलिस ने युवाओं को समझा बुझाकर स्टेशन से हटाया। इस दौरान लगभग एक घंटे बाद ट्रेन यहां से खुली है। ट्रेन रोकने के कारण गाड़ी में सवार यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना। युवा राजेश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने उक्त योजना लाकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। अगर अग्निपथ योजना को वापस नहीं लिया गया तो आन्दोलन को और तेज किया जाएगा।
