हादसा : बांका में गैसे चूल्हे पर खाना बनाते समय आग से झुलसी छात्रा, मौत
गैस चूल्हे पर खाना बनाते समय बांका जिले के बौंसी प्रखंड के डैम रोड में एक छात्रा की मौत हो गई। वह स्थानीय आदर्श मध्य विद्यालय में दसवीं कक्षा की छात्रा थी। आग की लपटों के फैलने से घर के सारे सामान भी जल गए।
बांका, जेएनएन। बांका जिले के बौंसी प्रखंड के डैम रोड में गुरुवार को गैस चूल्हे पर खाना बनाते समय एक लड़की के कपड़े में आग पकड़ लेने से गंभीर रूप से झुलस जाने से उसकी मौत हो गई। उसकी पहचान स्व. कृष्ण मोहन साह की पुत्री डोली कुमारी (17) के रूप में हुई है। वह स्थानीय आदर्श मध्य विद्यालय में दसवीं कक्षा की छात्रा थी। आग की लपटों के फैलने से घर के सारे सामान भी जल गए।
करीब आधा घंटे बाद अग्निशमन दस्ते ने आग पर पाया काबू
अग्निशमन दस्ते ने करीब आधा घंटे बाद आग पर काबू पाई। उधर मोहल्ले के लोगों ने घायल छात्रा को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. आर. के. सिंह ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच घायल को अस्पताल ले जाने के क्रम में गाडिय़ों की आवाजाही से डैम रोड पर लगभग एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। मृत लड़की की मां माया देवी ने पुलिस को बताया कि वे लोग स्थानीय मंदार स्थित पापहरणी तालाब में स्नान कर बेटी के साथ घर आए। उनकी पुत्री गैस चूल्हे पर खाना बनाने लगी और वह कुछ कार्यवश बाहर निकल गईं। इस बीच उसके कपड़े में आग पकडऩे से वह पूरी तरह झुलस गई।
शादी की चल रही थी बात, चार बहनों में थी मंझली
वह चार भाई बहनों में मंझली थी । उसकी शादी की बात चल रही थी। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। छोटी बहन खुशी कुमारी (12) एवं बिट्टू कुमार (14) पढ़ाई कर रहे हैं। सात वर्ष पूर्व बीमारी के कारण पिता की मौत हो गई थी। परिवार की आर्थिक स्थिति दयनीय है। इस संबंध में छात्रा के भाई बिट्टू कुमार ने थाने में आवेदन दिया। पुलिस ने शव का अंत्य परीक्षण कराकर उसे स्वजनों को सौंप दिया। उसकी मौत के बाद परिवार वालों का रो रोकर बुराहाल है।