नवगछिया में उप मुखिया के बेटे को कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला
भागलपुर के नवगछिया में हत्या का दौर थम नहीं रहा है। वहां के एक जनप्रतिनिधि की पुत्र की हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भागलपुर, जेएनएन। नवगछिया थाना क्षेत्र में एनएच-31 स्थित महदत्तपुर टोल प्लाजा के पास मंगलवार की रात अपराधियों ने सरेआम जमुनिया पंचायत के उप मुखिया विनोद सिंह के बेटे अजय सिंह को कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला। सूचना पर महदत्तपुर निवासी उप मुखिया विनोद सिंह ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां से अजय को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अपराधियों ने अजय के शरीर पर कुल्हाड़ी से कई जगह वार किए थे। सिर, गर्दन, गाल पर गहरा जख्म था।
नवगछिया एसपी निधि रानी ने बताया कि हत्याकांड में महदत्तपुर के ही नरेश सिंह को आरोपित किया गया है। टोल प्लाजा के पास नरेश की दुकान हैं। अजय शाम में वहां पर गया था, जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद नरेश ने कुल्हाड़ी से अजय की हत्या कर दी। नरेश उग्र स्वभाव का है, जिसके चलते उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर मायके चली गई है। एक लूटकांड मामले में पूर्व में पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। घटना के कारणों और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।