ससुराल में छत पर सो रहे युवक की गला रेतकर हत्या
जमुई में गुरुवार की देर रात ससुराल में एक युवक की हत्या कर दी गई है। घटना के बाद पुलिस वहां पहुंची लेकिन अब तक हत्या के कारणों का पता नहीं चला है।
जमुई, जेएनएन। जमुई में एक युवक की गला रेतकर हत्या उसके ससुराल में कर दी गई। हालांकि घटना के कारणों का पता नहीं चला है। हालांकि पुलिस कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद उसके ससुराल और घर में शोक की लहर है। मृतक के स्वजन इस घटना से काफी मर्माहत हैं। इस हत्या को लेकर मृतक के ससुराल और गांव में तरह-तरह से चर्चे है।
जानकारी के अनुसार जमुई जिले के नगर थाना क्षेत्र के अंबा गांव में गुरुवार की देर रात अपराधियों ने छत पर सो रहे एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जमुई के ही उझंडी गांव निवासी किशन साह के पुत्र संतोष साह (30 वर्ष) के रूप में हुई है। संतोष धनबाद में रहकर ऑटो चलाता था। 15 दिनों से वह अपनी पत्नी संजू कुमारी के साथ अपने ससुराल अंबा गांव में रह रहा था।
बताया जाता है कि रात के 12 बजे वह सोने के लिए छत पर गया था। तकरीबन एक बजे किसी ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। जिसके बाद उसके चिल्लाने की आवाज घर के नीचे सो रहे स्वजन को सुनाई पड़ी। जब तक स्वजन उसे देखने जाते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी पाकर थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के कारणों का पता अभी नही चल पाया है। स्वजन भी कुछ नहीं कह रहे हैं। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रख छानबीन कर रही है। मृतक के ससुराल और उनके घर के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की।
घटना के बाद पुलिस ने इसकी जानकारी मृतक के घर पर दी। ससुराल और गांव के लोगों में इस घटना से शोक है। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम कर उसे स्वजनों को दे दिया है।