कटिहार: लव मैरिज करने वाला युवक सास के साथ पत्नी खोजने निकला, एक दिन बाद लीची के पेड़ के नीचे मिली लाश
सास घर आई और उसने युवक से कहा कि मेरी बेटी लौटा दो वो कहां है? इसके बाद युवक अपनी सास के साथ पत्नी खोज में निकल गया। उक्त बातें स्वजनों ने कही। उन्होंने बताया कि मेरे बेटे ने लव मैरिज की थी लेकिन...
संवाद सूत्र, अमदाबाद (कटिहार): अमदाबाद थाना क्षेत्र के भवानीपुर खट्टी पंचायत अंतर्गत विनोद टोला गांव के 29 वर्षीय युवक दीपचंद मंडल का शव घर के कुछ ही दूरी पर लीची पेड़ के नीचे संदेहास्पद स्थिति में मिला। वह 16 जनवरी को अपने घर से सास के कहने पर उसके साथ पत्नी को खोजने निकला था। वहीं 17 जनवरी के सुबह ग्रामीणों ने पेड़ के नीचे शव होने की सूचना दी। शव मिलने से विनोद टोला गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर अमदाबाद थानाध्यक्ष संजय कुमार मौके पर पहुंचे एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया।
इस बाबत मृतक के पिता शंकर मंडल ने अमदाबाद थाने में आवेदन देकर कहा है कि करीब आठ माह पूर्व उसके बेटे की शादी संबलपुर, कोतवाली थाना रतुवा जिला मालदह के शिवली मंडल के साथ प्रेम प्रसंग के तहत हुई थी। दोनों पति-पत्नी के बीच बराबर झगड़ा झंझट होता रहता था। 12 जनवरी को बेटा दीपचंद मंडल की पत्नी शिवली मंडल अपने मायके चली गई। 16 जनवरी को बेटे की सास गेदिया देवी मेरे घर आई एवं बेटे से कहा कि मेरी बेटी कहां है, उसे खोजो। इतना कहने पर दीपचंद अपनी सास के साथ चला गया। उसी रात करीब 8.30 बजे उदय मंडल, नेपाल मंडल सहित तीन-चार लोग मेरे घर आए एवं पुन: धमकी देते हुए कहा कि दीपचंद मंडल की पत्नी शिवली मंडल को उसके मायके पहुंचा दो, नहीं तो अंजाम बुरा होगा।
17 जनवरी को सुबह करीब छह बजे घर से कुछ दूरी पर लीची के पेड़ के नीचे बेटे के शव को देखकर ग्रामीणों ने सूचना दी। मृतक के पिता ने अपनी पुतोहु शिवली मंडल सहित ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उधर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।