आपसी गैंगवार में मारा गया अपराधी, शव छोड़कर अस्पताल से भाग गए परिजन
नूनू मंडल का आपराधिक चरित्र रहा है। छह अप्रैल 2017 को पन्नूचक रामनवमी मेले में उसने पन्नूचक निवासी जनका मंडल की गोली मार कर हत्या करने पर उसपर आरोप था।
भागलपुर [जेएनएन]। घोघा थाना क्षेत्र के पन्नूचक गोपालपुर सीमा पर अवस्थित बगीचे में गैंगवार में पन्नूचक निवासी नूनू मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह आपराधिक प्रवृत्ति का था। उस पर हत्या के कई मामले दर्ज थे। उधर, जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद उसके परिजन शव छोड़कर फरार हो गए।
इस वारदात से पन्नूचक गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है। लोग किसी भी प्रकार की जानकारी देने व उक्त घटना से संबंधित बात करने से परहेज करते रहे हैं। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल नूनू मंडल को तुरंत जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
गौरतलब है कि नूनू मंडल का आपराधिक चरित्र रहा है। 6 अप्रैल 2017 को पन्नूचक में लगने वाली चैत्र रामनवमी मेले में उसने पन्नूचक निवासी जनका मंडल की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं 24 नवंबर 2014 को अपने भाई टिब्भा मंडल के साथ मिलकर अपने सगे चाचा निम्भा मंडल की हत्या कर दी थी। उक्त दोनों मामलों में नूनू नामजद आरोपित था। नूनू का भाई टिब्भा मंडल फिलहाल जेल में है। थाना प्रभारी शंभू कुमार पासवान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हमलोग पुलिस बल के साथ पहुंचे परंतु तब तक घायल को लेकर परिजन अस्पताल जा चुके थे।