डीएम ने 239 डीडीओ के वेतन को रोकने का दिया निर्देश, जानें... क्यों हुई कार्रवाई
संपत्ति का ब्यौरा देने से पूर्व सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों से सूची की मांग की गई थी। सूची देने में भी कई डीडीओ ने लापरवाही बरती थी। डीएम ने काफी नाराजगी दिखाई।
भागलपुर [जेएनएन]। 28 फरवरी तक संपत्ति का ब्यौरा जिले के आधे से अधिक डीडीओ (निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी) ने नहीं दिया है। डीएम ने संपत्ति का ब्यौरा नहीं देने पर 239 डीडीओ का फरवरी का वेतन रोकने का निर्देश भागलपुर और नवगछिया के कोषागार को दिया है।
संपत्ति का ब्यौरा देने से पूर्व सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों से सूची की मांग की गई थी। सूची देने में भी कई डीडीओ ने लापरवाही बरती थी। अब जब पूर्ण विवरणी को निर्धारित प्रपत्र में आईटी सेल में जमा करना था तो करीब 239 डीडीओ ने ज़मा नहीं किया। निर्धारित तिथि तक कुल 445 डीडीओ में से मात्र 206 ने ही विवरणी की सूची जमा की।
बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन ने दिसंबर से ही इस पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसमें समूह क, ख और ग के पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। इसके तहत सभी को अपनी चल- अचल संपत्ति और दायित्वों की जानकारी देनी थी। डीएम ने कोषागार पदाधिकारियों को लिखे पत्र में कहा है कि विवरणी की सूची लेने के बाद ही वेतन भुगतान किया जाए।