Unique Love Story: शादी करने खगडि़या से कोलकाता भागे लड़का-लड़की, दमदम हवाई अड्डा के पास रिश्ता बता सबको चौंकाया
Unique Love Story लखीसराय का एक प्रेमी युगल कोलकाता के दमदम हवाई अड्डा से गिरफ्तार किया गया है। दोनों राज्यों की पुलिस ने उसे वहां आपत्तिजनक स्थिति में देखा। फिर दोनों अपने रिश्ते के बारे में संदेहास्पद उत्तर देने लगे। पुलिस ने लखीसराय लाया।
संवाद सूत्र, बड़हिया (लखीसराय)। बिहार में अजीबोगरीब प्यार की कहानियां सुनने को मिल जाती हैं। आए दिन ऐसा मामला सामने आता रहता है। यह मामला बिहार के लखीसराय का है। यहां के एक प्रेमी युगल शादी करने के लिए कोलकाता भाग गए। हालांकि लखीसराय पुलिस की निशानदेही पर उसे कोलाकाता पुलिस के सहयोग से दमदम हवाई अड्डा के पास बरामद कर लिया गया। दोनों वहां संदिग्ध स्थिति में बैठे हुए थे। पुलिस को शक हुआ तो दोनों ने बताया कि रिश्तेदार हैं। हवाई यात्रा पर निकले हुए हैं। दोनों ने पहले खुद को cousin बताया। बाद में कुछ और रिश्ते बताने लगे।
जानकारी के अनुसार, बड़हिया थाना क्षेत्र के तिरासी गांव से प्रेम प्रसंग में फरार प्रेमी युगल को बड़हिया पुलिस ने शनिवार की शाम कोलकाता पुलिस के सहयोग से दमदम हवाई अड्डा के समीप से गिरफ्तार कर लिया। इसकी जानकारी देते हुए बड़हिया थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि तिरासी के सुबोध रजक के पुत्र सत्यम कुमार पिछले सप्ताह एक लड़की को प्रेम प्रसंग में बहला फुसलाकर भगा ले गया था।
इसमें लड़की के स्वजन ने केस दर्ज कराया था। बड़हिया थाना के एसआइ राकेश कुमार ने वैज्ञानिक जांच के आधार पर कोलकाता पुलिस के सहयोग से दमदम हवाई अड्डा के समीप से उसे गिरफ्तार कर बड़हिया लाया। दोनों का 164 का बयान दर्ज कराने के लिए लखीसराय न्यायालय भेजा गया है।
लड़की बरामद, युवक गिरफ्तार
संवाद सूत्र, रजौन (बांका)। रजौन प्रखंड के एक गांव से 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है। इसको लेकर छात्रा की मां ने बेटी के अपहरण का मामला थाना में दर्ज कराया है। जानकारी के मुताबिक 15 नवंबर को मैट्रिक की छात्रा विद्यालय जाने के बहाने घर से निकली, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं आई। छात्रा के स्वजनों ने उसकी काफी खोजबीन की गई। खोजबीन के दौरान पता चला कि धनकुंड थाना क्षेत्र के कटहारा गांव निवासी प्रमोद कुमार शादी की नियत से छात्रा को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इसको लेकर थाना में मंगलवार को मामला दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी प्रमोद कुमार एवं नाबालिग छात्रा को धोरैया थाना क्षेत्र के भागलपुरा गांव से रजौन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के पुलिस दोनों को लेकर थाने पहुंची है। पुलिस ने नाबालिग छात्रा को बयान के लिए न्यायालय भेजा है।