कटिहार- पूर्णिया फोरलेन की भेंट चढेंगे दो सौ बूढ़े बरगद समेत दस हजार पेड़, जानिए क्या है मामला
कटिहार- पूर्णिया फोरलेन का निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके लिए कवायद शुरू कर दिया गया। लेकिन इसके लिए करीब 10 पेड़ काटे जाएंगे। इसमें करीब दो सौ बूढ़े बरगद के भी पेड़ शामिल हैं। इसके लिए काम शुरू हो गया है।
कटिहार [प्रदीप कुमार गुप्ता]। नारायणपुर, मनिहारी- पूर्णिया फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर कार्य शुरु कर दिया है। निर्माण की चपेट में इस पथ की हरियाली भी आ गई है। सड़क निर्माण को दो सौ बूढ़े बरगद समेत तकरीबन दस हजार विभिन्न पेड़ काटे जाएंगे। पेड़ काटने का कार्य आरंभ भी हो गया है। इधर लोगों को जहां फोरलेन सड़क निर्माण की खुशी है तो इस परिक्षेत्र की हरियाली में अहम भागीदारी निभाते रहे इन वृक्षों की कटाई का मलाल भी है। मनिहारी से पूर्णिया तक सड़क के किनारे मौजूद बरगद,शीशम, लिप्टस व आम,जामुन, कदम सहित अन्य वृक्षों को काटा जाना है। इसमें कई वृक्ष सौ वर्ष से भी ज्यादा आयु के बताए जा रहे हैं।
सिर्फ कटिहार जिले में कटेंगे सात हजार वृक्ष
मनिहारी से पूर्णिया के बीच फोरलेन सड़क के निर्माण को लेकर जिले के मनिहारी नारायणपुर से छोटी बथनाहा तक तथा दलन से दिवानगंज तक लगभग सात हजार पेड़ काटे जाएंगे। पूर्णिया जिले के दिवानगंज से बैलोरी तक तकरीबन चार हजार वृक्ष कटेंगे। यद्यपि लगभग 15 किलोमीटर शहर से बायपास सड़क का निर्माण होने के कारण कुछ पुराने वृक्ष इस जद में आने से बच गए हैं।सड़क निर्माण के कारण निजी जमीन का अधिग्रहण होने के कारण सरकारी वृक्ष के आलावा निजी आम,कदम आदि के पेड़ भी इस जद में आ गए हैं। इसका मलाल सबंधित लोगों के चेहरे में साफ झलक रही है।
2228 करोड़ की लागत से होना है सड़क निर्माण
राष्ट्रीय राजमार्ग 131ए नारायणपुर से पूर्णिया तक 49 किलोमीटर फोरलेन सड़क निर्माण के लिए लगभग 2228 करोड़ रुपये की स्वीकृति केन्द्र सरकार द्वारा प्रदान की गई है।इसमें करीब 14.86 किलोमीटर कटिहार शहर से बायपास सड़क का निर्माण किया जाना है। इस फोरलेन पथ में दो जगहों पर उच्च स्तरीय सेतु तथा 15 लघु सेतु का निर्माण के साथ दो फ्लाई ओवर, तीन आरओबी एवं 17 अंडरपास बनना है। एक टोल प्लाजा का भी निर्माण करने का प्रस्ताव है। राज्य सरकार ने इस सड़क के निर्माण को लेकर 147 हेक्टर भूमि का अधिग्रहण किया है।
गंगा में 6.1 किलोमीटर लंबे पुल का होगा निर्माण
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 131ए कटिहार जिला के नारायणपुर (मनिहारी) से शुरू होकर पूर्णिया में पूर्वोत्तर भारत की ओर जाने वाले इस्ट-वेस्ट कॉरिडोर (राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31) पर समाप्त होता है. इस राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या से झारखंड के खनिज संपदा संपन्न क्षेत्र से जोड़ने हेतु साहेबगंज-मनिहारी के बीच गंगा नदी पर 6.1 किलोमीटर लंबे पुल समेत 22 किलोमीटर सड़क लगभग दो हजार करोड़ की लागत से बनना है. मनिहारी से पुणिंया तक फोरलेन का निर्माण सहित गंगा में पुल निर्माण का कार्य शुरु होने से सीमांचल के साथ कोसी के लोगों में भी काफी खुशी है।
मनिहारी के नारायणपुर से पूर्णिया तक फोरलेन सड़क का निर्माण होने के कारण लगभग दस हजार पेड़ की कटाई होनी है। पेड़ काटकर लकड़ी वन विभाग को सौंपने की जिम्मेवारी एनएचआरआई की है। सड़क निर्माण हो जाने के बाद सरकार के दिशा निर्देशानुसार फिर के फोरलेन सड़क के किनारे पौधारोपण का कार्य होगा।
अभिनव भाष्कर, डीएफओ, पूर्णिया।