भागलपुर के इस स्कूल में दबंगों ने जड़ दिया ताला, शिक्षक आकर रोज लौट जाते हैं
भागलपुर के एक विद्यालय पर अपराधियों ने अपना कब्जा कर लिया है। कन्या मध्य विद्यालय राघोपुर की जमीन पर कर रहा जबरन दावा किया जा रहा है। शिक्षक आते हैं और लौटकर चले जाते हैं पोषाहार का वितरण बंद। इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को भी गई है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। नाथनगर के राघोपुर पंचायत स्थित मध्य विद्यालय राघोपुर (कन्या) में बीते पांच दिनों से दबंग ने स्कूल में ताला जड़ रखा है। शिक्षक उसके खिलाफ मुंह खोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। शिक्षक स्कूल आते हैं और लौटकर वापस चले जाते हैं। ताला बंद होने से बच्चों को पोषाहार नहीं मिल रहा। स्कूल की प्राचार्या स्नेहा प्रिया ने 15 जनवरी को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को इसकी लिखित जानकारी दी थी। लेकिन, जिला शिक्षा विभाग के द्वारा अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया। मंगलवार को प्राचार्या ने इसकी लिखित शिकायत नाथनगर थाने में की है।
सीओ बोले, जमीन बिहार सरकार की
प्राचार्य ने बताया कि राघोपुर निवासी अजय मंडल स्कूल की जमीन को जबरन अपना बताकर प्रवेश द्वार पर जंजीर लगाकर ताला जड़ दिया है। जमीन के बारे में नाथनगर अंचलाधिकारी राजेश कुमार से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि वह जमीन बिहार सरकार की है। अजय मंडल पूर्व से ही स्कूल के शिक्षकों को परेशान करते रहा है। शिक्षक भय से कुछ नहीं बोलते हैं। इस संबंध में नाथनगर इंस्पेक्टर मु. सज्जाद हुसैन ने बताया कि प्राचार्य ने स्कूल में जबरन ताला जडऩे की शिकयत दर्ज कराई है। मामले की पड़ताल की जा रही है।
खाद्यान्न वितरण नहीं करने पर लाभुकों ने किया हंगामा
शाहकुंड के खैरा पंचायत अंतर्गत रजनपुर गांव के डीलर शोभा साह के द्वारा कोरोना काल नवंबर माह का फ्री वाला खाद्यान्न लाभुकों के बीच वितरण नहीं किए जाने पर सोमवार को दर्जनों लाभुकों ने हंगामा किया। साथ ही लाभुकों ने जिला पदाधिकारी से दोषी डीलर पर कार्रवाई करने की मांग की। लाभुक रंजीत पासवान, दुखनी देवी, पूजा देवी, अनीता देवी, वार्ड सदस्य गोपाल मंडल ने कहा कि नवंबर के खाद्यान्न लेने डीलर की दुकान पर जाते हैं तो डीलर द्वारा टालमटोल किया जाता है। नवंबर माह का खाद्यान्न न देकर जनवरी माह के खाद्यान्न का वितरण शुरू कर दिया गया है। प्रखंड आपूॢत पदाधिकारी अमरेश कुमार ने बताया कि डीलर द्वारा खाद्यान्न का वितरण नहीं करने की शिकायत मिली है। डीलर को हर हाल में नबंवर माह का खाद्यान्न वितरण करना होगा। डीलर की दुकान की जांच की जाएगी।