Bhagalpur Crime : महिला से मांगी रंगदारी, बेटी का भी दुपट्टा खींचा
भागलपुर में लगातार अपराधिक घटनाएं घटती जा रही है। अपराधियों ने एक महिला से रंगदारी मांगी। साथ ही उसकी बेटी से दुर्व्यवहार का प्रयास किया। इसकी शिकायत तिलकामांझी थाने में दर्ज कराई गई है। पीडि़त परिवार डरे हुए हैं।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। तिलकामांझी थाना क्षेत्र विक्रमशिला कॉलोनी में रहने वाली टीटीइ की विधवा से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। रंगदारी मांगने वाले ने महिला की पुत्री का दुपट्टा खींच छेड़छाड़ का भी प्रयास किया है। घटना से आहत महिला ने मंगलवार की रात तिलकामांझी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। तिलकामांझी थानाध्यक्ष महेश प्रसाद ने मामले में केस दर्ज करने के पूर्व घटना की छानबीन के लिए महिला का आवेदन एसआइ हरेराम शर्मा को दे दिया है। भयभीत महिला अपनी पुत्रियों के साथ खुद को कमरे में कैद कर लिया है। पुलिस मंगलवार की रात घटना की हकीकत जानने रात को नहीं पहुंची। घटना की जानकारी पर तिलकामांझी में रहने वाले महिला के एक परिचित के पहुंचने पर घटना की लिखित जानकारी महिला थाने में देने का साहस जुआ पाई।
पीडि़त महिला ने पुलिस को जानकारी दी है कि वह हवाई अड्डे से सटे विक्रमशिला कॉलोनी स्थित एक मकान में किराएदार के रूप में रहती है। मुंगेर निवासी पवन कुमार ने उससे दो लाख की रंगदारी मांगी है। उसने उसकी बेटी को अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया। वह जब बचाने गई तो उसके गले में पड़ी सोने की चेन और कान की बाली भी छीन ली। महिला ने पुलिस को जानकारी दी है कि उसने धमकी भी दी है कि यदि रंगदारी की रकम नहीं देगी तो उसकी बेटी के साथ बुरा सलूक भी करेंगे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। महिला मूल रूप से खगडिय़ा जिले के पसराहा की रहने वाली है।
महिला की गला दबाकर जान लेने का प्रयास
कोतवाली थाना क्षेत्र के डॉ. राजेंद्र प्रसाद पथ निवासी श्वेता सिंघानिया ने मारपीट तथा गला दबाकर जान लेने के प्रयास का आरोप लगा शिकायत दर्ज कराई है। दर्ज शिकायत में श्वेता ने राजेश सिंघानियां, अनूप सिंघानियां, विनय सिंघानियां आदि को आरोपित बनाया है। पुलिस दर्ज शिकायत की छानबीन में जुट गई है। श्वेता ने कोतवाली पुलिस को जानकारी दी है कि वह अपने पति के साथ कोलकाता में रहती है। मंगलवार को सिघांनिया निवास स्थित अपने कमरे में थी तभी आरोपितों ने गाली-गलौज देनी शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर सभी मारपीट पर उतारू हो गए। उसी दौरान आरोपितों ने गला दबाना शुरू कर दिया। उनकी नीयत गला दबाकर जान लेने की थी। किसी तरह स्टाफ ने घटना की सूचना पुलिस को दी तो तब पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कर उसे मुक्त कराया। घटना की बाबत पुलिस छानबीन में जुट गई है।