Mini Gun Factory Lakhisarai : वारंटी को पकड़ने निकली पुलिस को मिली मिनी गन फैक्ट्री
Mini Gun Factory Lakhisarai लखीसराय के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत औरे गांव में एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने कारतूस व हथियार बनाने का उपकरण बरामद किए। घर में ही मिनी गन फैक्ट्री चलाई जा रही थी।
लखीसराय, जेएनएन। विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रिय हुई पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार को जिले के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत औरे गांव में वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस ने घर के अंदर संचालित मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। जगदंबी सिंह के घर में छापेमारी कर प्रतिबंधित पुलिस कारतूस एवं हथियार निर्माण में उपयोग आने वाले कई उपकरणों को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से जगदंबी सिंह के पुत्र मनोज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मनोज सिंह का पुत्र कारू सिंह भागने में सफल रहा। पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में यह जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी, शराब एवं हथियार बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के मद्देनजर एसडीपीओ रंजन कुमार के नेतृत्व में रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष धीरेंद्र पाठक, सब इंस्पेक्टर जंग बहादुर राय ने एसएसबी के जवानों के साथ रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के औरे गांव में छापेमारी की। छापामारी के दौरान मनोज सिंह के घर में संचालित मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ।
इस दौरान पुलिस ने राइफल का 303 बोर का 6 और 315 बोर का दो कारतूस के अलावा देसी हथियार के निर्माण में उपयोग की जाने वाली लेथ मशीन, ड्रिल मशीन के अलावे एक पुराना देसी कट्टा का बैरल, एक अर्धनिर्मित पिस्तौल का बैरल, बंदूक का एक वोल्टहेड, पिस्तौल के बट में लगने वाला लकड़ी का टुकड़ा, एक वेल्डिंग मशीन बरामद की। एसपी ने बताया कि पता है लगाया जा रहा है कि गिरफ्तार मनोज सिंह द्वारा कब से हथियार का निर्माण कार्य किया जा रहा था तथा इन हथियारों की आपूर्ति वह कहां करता था। एसपी ने बताया कि मनोज सिंह का पुत्र कारू सिंह एक अन्य मामले में फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।