Earth Day : बोले डीएम-नगर वन के रूप में विकसित होगा हवाई अड्डा, हर जगह हुआ पौधरोपण
Earth Day डीएम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ पृथ्वी का संरक्षण करना आवश्यक है। हवाई अड्डा को नगर वन के रूप में विकसित किया जाएगा। हर जगह पौधारोपण हुआ।
भागलपुर, जेएनएन। Earth Day : बिहार पृथ्वी दिवस पर पंचायत स्तर से जिला मुख्यालय तक रविवार को पौधारोपण किया गया। एक करोड़, एक जिंदगी के संदेश के साथ हवाई अड्डा में पौधारोपण का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ पृथ्वी का संरक्षण करना आवश्यक है। हवाई अड्डा को नगर वन के रूप में विकसित किया जाएगा। जापानी तकनीक मियावाकी मॉडल वन का उपयोग कर काफी नजदीक पौधे लगाकर जंगल के रूप में विकसित करना है। स्वच्छ पर्यावरण के लिए पेड़ों को बचाने की बात करते हुए उन्होंने हर व्यक्ति से एक पौधा लगाने की अपील की।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से हवाई अड्डा में आयोजित कार्यक्रम में डीडीसी सुनील कुमार, क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक अभय कुमार, जिला वन पदाधिकारी (डीएफओ) एस प्रभाकर, एडीएम अमित कुमार, डीडीएम (जीविका) चंदन कुमार, डीपीओ (मनरेगा) नीरज कुमार, रेंजर बीके सिंह, पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार समेत जिला प्रशासन व वन विभाग के अन्य पदाधिकारियों द्वारा एक-एक पौधारोपण किया गया। मोलश्री, गुलमोहर, कचनार, मोहगनी, कदम व जामुन समेत हवाई अड्डा में 60 पौधारोपण किया गया।
लक्ष्य से 87 हजार अधिक लगाए गए पौधे
जिले में 8.50 लाख पौधारोपण का लक्ष्य था, लेकिन 9.37 लाख यानि 87 हजार अधिक पौधारोपण किया गया है। 220 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले कहलगांव के माधोरामपुर पहाड़ और 30 एकड़ में फैले शाहकुंड के पुरानी खैरही पहाड़ पर नीम, करण, अर्जुन, जामुन, शरीफा व आंवला समेत फलदार 2.53 लाख पौधारोपण किए गए हैं। कैम्पा पथ तट, एनटीपीसी एवं नमामी गंगा योजना के तहत 80 हजार पौधारोपण, मनरेगा के तहत 2.51 लाख मोहगनी, जामुन, आंवला व सागवान पौधारोपण किए गए हैं। जबकि जीविका दीदी द्वारा 1.64 लाख लाख पौधे लगाए गए हैं। इसके अलावा रेलवे, गैर सरकारी संस्थान, गंगा प्रहरी एवं विद्यालयों के प्राचार्य व शिक्षकों द्वारा पौधारोपण किए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले के तीन प्रखंडों के 20 गांवों में 55 हजार पौधे लगाए गए। इसकी सुरक्षा बांस गैवियन भी लगाया गया है।
इसके अलावा नवगछिया, सुल्तानगंज, शाहकुंड, कहलगांव, नाथनगर, खरीक एवं परबत्ता में 112 हेक्टेयर में सड़क किनारे 40 हजार पौधे बांस गैवियन में लगाए गए हैं। वहीं भागलपुर-जगदीशपुर मार्ग में 15 हजार, नाथनगर-शाहकुंड मार्ग में 11 हजार, सुल्तानगंज के कमरगंज-आसियानाचक में सात हजार व कहलगांव में अनादिपुर-बटेश्वर स्थान तक 13 हजार पौधे बांस गैवियन में लगाए गए हैं।
150 किसानों ने किए 75 हजार पौधारोपण
जिले के विभिन्न इलाकों के 150 किसानों द्वारा 75 हजार पौधारोपण किए गए हैं। प्रत्येक पौधा के लिए 10 रुपये के दर से किसानों को पौधा उपलब्ध कराया गया है। तीन साल के बाद यह राशि उन्हें वापस कर दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक पौधा के लिए 60 रुपये प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। खेत के मेड़ पर पौधा लगाने से खेती की उत्पादकता भी बरकरार रहती है। किसान राष्ट्रीय बांस मिशन के तहत बांस का पौधा भी लगा सकते हैं। विभाग के द्वारा टिशू कल्चार लैब में तैयार किए गए उन्नत किस्म के बांस उपलब्ध कराने के साथ ही प्रति हेक्टेयर 25 हजार अनुदान राशि भी दी जाएगी।
पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में 9.37 लाख पौधारोपण किए गए हैं जो लक्ष्य से 37 हजार अधिक है। कहलगांव व शाहकुंड के पहाड़ी में लगाए पौधे जड़ी-बूटी के रूप में उपयोग करने के साथ ही दवा बनाने के लिए भी उपयोगी है। एनटीपीसी, मनरेगा समेत कई सरकारी और गैर सरकारी संगठनों के साथ आम लोगों की सक्रियता के कारण पौधारोपण कार्यक्रम सफल हुआ है। -एस. सुधाकर, डीएफओ, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग।
जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय परिसर में 51 पौधारोपण
बहार पृथ्वी दिवस पर जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। संयुक्त निदेशक अरूण कुमार, डीएओ केके झा, सहायक कृषि पदाधिकारी दिलीप कुमार, जिलास्तरीय कृषि समन्वयक पशुपति नाथ, सदय कुमार सिंह, महेश कुमार समेत विभाग के अन्य कर्मियों द्वारा आम, आंवला आदि 51 फलदार पौधे लगाए गए।
जदयू शिक्षा प्रकोष्ट ने सैंडिस कपाउंड में किया पौधारोपण
बिहार पृथ्वी दिवस पर जदयू शिक्षा प्रकोष्ट के कार्यकर्ताओं ने सैंडिस कपाउंड में किया पौधारोपण किया। प्रकोष्ट के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार भगत, जिला उपाध्यक्ष अशोक मंडल, सूरज मिश्रा, महासचिव आशीष कुमार, गौरव कुमार, अमित कुमार, रितिक कुमार पौधारोपण में शामिल थे।