प्राचार्य ने विभागाध्यक्ष को सुनाई खरी-खरी
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार ने निश्चेतन विभाग के अध्यक्ष डॉ. अर्जुन प्रसाद को उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना नहीं करने की चेतावनी दी है।
भागलपुर। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार ने निश्चेतन विभाग के अध्यक्ष डॉ. अर्जुन प्रसाद को उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना नहीं करने की चेतावनी दी है। उन्होंने डॉ. महेश प्रसाद को फिर से आइसीयू का प्रभारी बना दिया था। साथ ही इसकी सूचना प्राचार्य सहित अस्पताल अधीक्षक को भी दी थी।
दो दिन पहले बिना किसी की अनुमति लिए आइसीयू प्रभारी डॉ. महेश ने मायागंज अस्पताल के आइसीयू को बंद कर दिया था। अस्पताल अधीक्षक को पत्र देकर इसकी सूचना दी थी। पत्र में उन्होंने तर्क दिया कि आइसीयू में कोरोना पॉजिटिव मरीज का इलाज किया गया था, इसलिए आइसीयू बंद किया गया। इसका विरोध कई डॉक्टरों ने अधीक्षक की बैठक में किया। इस बाबत डॉ. महेश को प्रभारी पद से हटाकर निश्चेतक विभाग के अध्यक्ष डॉ. अर्जुन प्रसाद को प्रभारी बनाया गया। लेकिन डॉ. प्रसाद ने पुन: डॉ महेश को बना दिया।
बुधवार को प्राचार्य ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। डॉ. अर्जुन को दिए पत्र में आगे से ऐसा नहीं करने की हिदायत दी। पत्र में कहा गया कि आप ही आइसीयू के प्रभारी रहेंगे, लेकिन निश्चेतना विभाग के किसी भी डॉक्टर को आइसीयू में कार्य करने का आदेश दे सकते हैं, इसमें विभाग के सभी डॉक्टरों के अलावा संविदा पर नियुक्त डॉ. महेश भी शामिल हैं।