Corona effect : सब्जी मंडियों में भीड़, लॉकडाउन का हो रहा उल्लंघन; कहीं आप खतरे में ना पड़ जाएं
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए पूरे देश में लॉक डाउन है। हालांकि भागलपुर के सब्जी बाजार में इसका असर नहीं देखा जा रहा। इससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
भागलपुर, जेएनएन। कोरोना वायरस से बचाव को लेकर लॉकडाउन किया गया है। इस दौरान जरूरी सामान की खरीदारी करते हुए शारीरिक दूरी बनाए रखना जरूरी है, लेकिन सब्जी, फल मंडी और कुछ अन्य जगहों में इसका पालन नहीं हो रहा है। यहां भीड़ लगी रहती है।
नाथनगर स्टेशन मार्ग, सीटीएस मार्ग, तिलकामांझी हटिया रोड, बरारी सब्जी मंडी व लोहिया पुल के नीचे भीड़ लगी हुई थी। यहां रोज सुबह व शाम मेले जैसी स्थिति रहती है। इससे कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है।
एक मीटर की दूरी नहीं किया गया मार्किंग
सब्जी मंडी में विक्रेता द्वारा एक मीटर की दूरी पर मार्किंग नहीं की गई है। दूरी बनाकर रखने के आग्रह पर करने पर लोग विक्रेताओं से ही उलझने लगते हैं। प्रशासन की सख्ती भी यहां नहीं है, जबकि मंडी में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
मंडी को नहीं किया गया सैनिटाइज
शहर की सब्जी व फल मंडी को सैनिटाइज नहीं किया गया है, जबकि इसकी जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई है। चौक-चौराहों व सरकारी भवनों को सेनेटाइज कर निगम खानापूर्ति कर रहा है।
मौज-मस्ती के लिए शहर का चक्कर काट रहे लोग
शहर में अनावश्यक भ्रमण के लिए लोग निकल रहे हैं। पुलिस बचने का तरीका भी निकाल लिया है। इसके लिए मोटरसाइकिल और गाड़ी पर आवश्यक सेवा का पर्चा चिपका देते हैं।