ढाई साल की बच्ची के साथ एक युवक ने किया घिनौनी हरकत का प्रयास Bhagalpur News
बच्ची के स्वजनों ने बताया कि रात को बच्ची अचानक लडख़ड़ाते हुए घर पहुंची। उससे जब पूछा गया तो उसने पेट में दर्द की शिकायत बताई।
भागलपुर, जेएनएन। मुंदीचक इलाके में एक ढाई साल की बच्ची के साथ शादीशुदा युवक ने रविवार की रात दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने पर जब स्वजन आरोपित अजय कुमार साह के घर पर गए तो उसके परिवार वालों ने पीडि़त के स्वजनों पर जमकर पथराव कर दिया। जिसमें कई लोगों को चोट आई है। घटना की जानकारी मिलने पर सिटी डीएसपी राजवंश सिंह ने मौके पर तिलकामांझी और इशाकचक इंस्पेक्टर संजय कुमार सुधांशु पहुंचे। उन्होंने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की। लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने पथराव के आरोप में अजय के पिता भिखारी साह व उसके भाई को हिरासत में लिया है।
घटना की बाबत बच्ची के स्वजनों ने बताया कि रात को बच्ची अचानक लडख़ड़ाते हुए घर पहुंची। उससे जब पूछा गया तो उसने पेट में दर्द की शिकायत बताई। आरोपित के बारे में कहा कि वह उसे जबरन गोद में उठाकर डॉन बॉस्को स्कूल की पीछे ले गया। उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची ने बताया कि जब वह चिल्लाने लगी तो आरोपित उसे छोड़कर भाग निकला।
बच्ची के चाचा ने बताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास की जानकारी मिलते ही सभी परिवार वाले अजय के घर पर पहुंचे। अजय की करतूत बताते ही उसके घर वाले उन लोगों से उलझ गए। लोगों के साथ बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर उन लोग पर पथराव कर दिया। देर रात तिलकामांझी पुलिस बच्ची को महिला पुलिस की अभिरक्षा में मेडिकल के लिए अस्पताल लेकर गई। पुलिस आरोपित के गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हालांकि आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त में नहीं आया है।
घटना की जानकारी मिलने पर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। बच्ची का महिला पुलिस की अभिरक्षा में मेडिकल कराया गया है। - आशीष भारती, एसएसपी भागलपुर
बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपित नशे में गिरफ्तार
दुष्कर्म के प्रयास का आरोपित अजय कुमार साह सोमवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वह नशे में था। उसके पिता और भाई को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इस बात की जानकारी होने पर ही वह तिलकामांझी चौकी पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध बच्ची के पिता के बयान पर तिलकामांझी पुलिस ने केस दर्ज किया है। उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत भी एक केस दर्ज किया गया है। मुंदीचक में अजय कुमार साह ने एक बच्ची के साथ गलत करने का प्रयास किया था। जब पीडि़त पक्ष आरोपित के घर पर पहुंचा तो उन लोगों ने पथराव कर दिया, जिसमें बच्ची के चाचा को चोटें आई थीं।