नगर निगम : उम्र विवाद मामले में मेयर सीमा साहा पर चार्जशीट का आदेश Bhagalpur News
मेयर ने नगर निगम चुनाव के वक्त जो शपथ पत्र दी थी उसके अनुसार मेयर और उनकी बड़ी बेटी में मात्र आठ साल का अंतर है। मेयर ने इसी शपथ पत्र पर चुनाव लड़ा था।
भागलपुर, जेएनएन। उम्र विवाद में मेयर सीमा साहा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होगी। इसके लिए सिटी एसपी सुशांत कुमार सरोज ने केस के जांचकर्ता को निर्देश दिया है। पूर्व डिप्टी मेयर डॉ. प्रीती शेखर ने मेयर द्वारा गलत शपथ पत्र देने की शिकायत तत्कालीन डीआइजी विकास वैभव से की थी। जोगसर पुलिस चौकी में इस मामले में सात जून 2017 को केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने अपनी जांच में आरोप को सत्य पाया था।
मेयर और उनकी बेटी की उम्र में आठ साल का अंतर
मेयर ने नगर निगम चुनाव के वक्त जो शपथ पत्र दी थी उसके अनुसार मेयर और उनकी बड़ी बेटी में मात्र आठ साल का अंतर है। मेयर ने इसी शपथ पत्र पर चुनाव लड़ा था। इस मामले में जोगसर पुलिस ने उन्हें नोटिस किया था, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से इन्कार कर दिया था। मेयर को अदालत ने राहत देते हुए अग्रिम जमानत दी थी।