Triple Murder in Bihar: वर्चस्व की जंग में दहल गया बिहार, एक साथ गिरीं तीन लाशें
Triple Murder in Bihar बिहार के खगड़िया जिले में वर्चस्व को लेकर दो गुटों की जंग में दो पूर्व मुखिया सहित तीन लोगों की हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
खगड़िया, जेएनएन। Triple Murder in Bihar: बिहार में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला खगडि़या में ट्रिपल मर्डर (Triple Murder) का है। शनिवार की देर शाम वर्चस्व की जंग और पंचायत चुनाव की रंजिश में दो पूर्व मुखिया की हत्या कर दी गई। फिर देर रात एक मृतक के एक और रिश्तेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
छो गुटों में जमकर गोलीबारी में दो पूर्व मुखिया की मौत
जानकारी के अनुसार खगडि़या के मानसी थाना क्षेत्र स्थित पूर्वी ठाठा पंचायत के ठाठा गांव में वर्चस्व को लेकर शनिवार की देर शाम दो गुटों में जमकर गोलीबारी हुई। सौ राउंड से अधिक गोलीबारी में पूर्वी ठाठा पंचायत के दो पूर्व मुखिया की मौत हो गई। मृतकों में पूर्व मुखिया बृजनंदन यादव और पूर्व मुखिया आमोद यादव शामिल हैं।
देर रात एक मृतक के रिश्तेदार की भी हत्या
इस घटना के बाद शनिवार की देर रात ठाठा में सत्तो यादव की भी हत्या गोली मार कर दी गई। सत्तो यादव बृजनंदन यादव का रिश्तेदार बताया जाता है। इस हत्या को भी देर शाम की हत्याओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
मृतक वृजनंदन की बहु पंचायत की मुखिया
बताया जाता है कि वर्चस्व की लड़ाई में पूर्व मुखिया आमोद यादव के अनुज विनोद यादव ने पहले गोलीबारी आरंभ की। इसमें पूर्व मुखिया बृजनंदन यादव की मौत हो गई। इसके बाद बृजनंदन यादव के समर्थकों की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में पूर्व मुखिया आमोद यादव की गोली लगने से मौत हो गई। वृजनंदन यादव की बहु बुलबुल देवी वर्तमान में पूर्वी ठाठा पंचायत की मुखिया है।
घटना बाद गांव में दहशत, घरों में दुबके लोग
घटना बाद से गांव में दहशत व्याप्त है। गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। ग्रामीण घरों में दुबके हुए हैं। कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। लोगों को अनहोनी की आशंका सता रही है। इस बीच पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। मानसी थानाध्यक्ष गुंजन कुमार ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी आरंभ है।