अब विज्ञान में आ गया हिदी का युग
शनिवार को हिन्दी दिवस का आयोजन टीएनबी कॉलेज में किया गया। आयोजन हिन्दी विभाग ने किया।
भागलपुर । शनिवार को हिन्दी दिवस का आयोजन टीएनबी कॉलेज में किया गया। आयोजन हिन्दी विभाग ने किया। मुख्य वक्ता प्रो. पीसी मिश्र ने कहा कि अब विज्ञान में भी हिंदी का युग आ गया है। हिदी से विज्ञान करना आसान है। इसलिए अंग्रेजी पर निर्भरता समाप्त कर विज्ञान की पुस्तकों को हिदी में प्रकाशित करना चाहिए। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. योगेंद्र ने कहा कि हिंदी भाषा दिवस की जगह भारतीय भाषा विकास के रूप में मनाया जाना चाहिए। इसका विकास जनता के द्वारा किया गया है। चीन, जापान जैसे देशों ने अपनी भाषा में विकास किया। लेकिन अपने ही देश में राष्ट्रभाषा उपेक्षित हो रही है। कहा कि हिंदी की जगह देश में अंग्रजी भाषा के विकास के लिए काम किया गया जबकि देश की आजादी में हिंदी भाषा का अहम योगदान रहा है। विभाग के अध्यक्ष डॉ. आलोक चौबे ने कहा कि हिदी केवल विभाग और कॉलेज का विषय नहीं है, यह भाषा है जिससे हम सभी जुड़े हैं। डॉ. अंजनी कुमार राय ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में निबंध और भाषण प्रतियोगिता हुई जिसमें मुदित कुमार, अतुल्य कुमार, दीप्ति कुमारी, उज्जवल, टारजन कुमार, मेद्या झा, कुमार राज, प्ररेणा प्रियदर्शी ने सफलता प्राप्त की। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. संजय कुमार चौधरी ने की। मंच संचालन डॉ. आनंद कुमार और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. जितेश कुमार ने किया।