कुछ ही देर में मंदार शिखर पर चढ़ जाएंगे भगवान वासुपूज्य Banka News
भगवान वासुपूज्य स्वामी के निर्वाण महोत्सव के दौरान जैन समुदाय के लोगों ने कई धार्मिक आयोजन किया। इस दौरान शोभायात्रा निकाली गई।
बांका [जेएनएन]। जैन धर्म के 12वें तीर्थंकर भगवान वासुपूज्य स्वामी के निर्वाण महोत्सव पर गुरुवार को मंदारगिरी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान भगवान वासुपूज्य की प्रतिमा को सुसज्जित रथ पर सवार किया गया।
सुबह दिगम्बर जैन मंदिर से गांधी चौक, हनुमान चौक, वापस मधुसूदन मंदिर, पंडा टोला, बारामती जैन मंदिर, पापहरणी रोड के रास्ते मंदार पर्वत तलहटी स्थित जैन मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद जैन श्रद्धालु पारंपरिक केसरिया परिधान में प्रतिमा को अपने मस्तक पर लेकर मंदार पर्वत शिखर स्थित जैन मंदिर ले जा रहे हैं। जहां विधि विधान पूर्वक भगवान वासुपूज्य का महामस्तकाभिषेक, जलाभिषेक, शांतिधारा व विशेष पूजन-अर्चना के उपरांत जैन अनुयायी भव्य निर्वाण लाडू चढ़ाएंगे।
क्षेत्र प्रबंधक पवन कुमार जैन ने बताया कि इस आयोजन में बांका सहित भागलपुर व अन्य क्षेत्रों के सभी लोग शामिल हुए। समारोह में जैन धर्म के अलावा अन्य हिन्दू धर्मावलंबी भी शामिल हैं। पूरे रास्ते भजन कीर्तन हो रहा है। संपूर्ण मार्ग को सजाया गया है।