लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश से शहर हुआ जलमग्न, देखें तस्वीर Bhagalpur News
लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश से भागलपुर शहर जलमग्न हो गया है। नगर निगम की सारी व्यवस्था ध्वस्त हो गई। लोग परेशान है। स्कूली बच्चों इससे काफी प्रभावित हैं।
भागलपुर [जेएनएन]। गुरुवार की बारिश ने रेशमी शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी। निगम बारिश को ध्यान में रख तैयारी करती तो शहरवासियों को जलजमाव की समस्या नहीं झेलनी पड़ती। चौक-चौराहों पर जलजमाव के कारण यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई।
पैदल और दो पहिया वाहन चालकों को रास्ता बदल-बदलकर आवाजाही करनी पड़ी। नालों की नियमित सफाई नहीं होने का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। पिछले चार दिनों से लगातार रुक रुक कर बारिश हो रही है।
शहर के दक्षिणी क्षेत्र की सड़कों पर नाले का पानी उतर आया। मंदीचक के जानकी प्रसाद लेन मार्ग में नाले की सफाई के कारण जलनिकासी की समस्या बनी रही। सड़कों पर पानी ठहर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। यही हाल लोहिया पुल के नीचे की बनी रही। कूड़ा उठाव नहीं होने की वजह से लोहापट्टी मार्ग कीचड़ से सन गया। फिसलन भरी सड़क पर लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा था।
बीते एक सप्ताह से बारिश ने शहर के कुछ इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न कर दिया। बारिश के समय आदमपुर चौक, घंटाघर चौक में घुटने भर पानी लग गया। यह स्थिति देर रात तक बनी हुई थी। अलीगंज मिस्त्री टोला, हुसैनाबाद एवं असानंदपुर मार्ग में जलजमाव ने राहगीरों की परेशानी को बढ़ा दी। शहर के कुछ हिस्सों में देर शाम तक जलजमाव की समस्या बनी रही।
नाथनगर के जैन मंदिर मार्ग जलजमाव की समस्या का निदान नहीं हुआ। बारिश के बाद सड़क तालाब में तब्दील हो गया। सैंडिस कंपाउंड के बाहरी परिसर और एनएच 80 के किनारे कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बनी रही। हुसैनाबाद में कीचड़मय सड़क से लोगों को गुजरना पड़ रहा है।
शहर के दक्षिणी क्षेत्र को जोडऩे वाली भोलानाथ और बौंसी रेलवे अंडर पास में जलजमाव की समस्या का स्थाई निदान नहीं हुआ है। अब लोगों का सब्र जवाब देने लगा है। पार्षद कुमारी कल्पना ने निगम प्रशासन से पूछा आखिर कब तक अंडरपास में जलजमाव को लोग झेलते रहेंगे।फ्लाई ओवर निर्माण का निर्माण नहीं होने से करीब 50 हजार से अधिक लोगों को नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है।
मोटर साइकिल व साइकिल सवार पानी में गिरकर जख्मी हो गए। हालात यह है कि मिरजानहाट, सिकंदरपुर, शिवपुरी, नयाचक, मोहद्दीनगर, मानिकपुर, कुतुबगंज, लालूचक, तहबलपुर समेत दर्जनों इलाकों के तकरीबन एक लाख की आबादी घरों में दुबके रहते हैं। बच्चों को घर बाहर जाने की पाबंदी तक लगा दी जाती है।
मु. रेहान अहमद (प्रभारी स्वास्थ्य शाखा, नगर निगम) ने कहा कि स्वास्थ्य शाखा प्रभार संभालते ही बुधवार को जोनल प्रभारी को व्यवस्था दुरूस्त करने का निर्देश दिए हैं। जहां भी नालियां जाम हैं उसकी सफाई होगी। अंडरपास में स्थायी तौर पंप लगाकर पानी निकाला जाएगा।
दर्जनों घरों में घुसा पानी
बीते 48 घंटे से सुल्तानगंज में हो रही मूसलाधार बारिश से लोगों का जनजीवन बेहाल है। वहीं भारी बारिश होने से नगर परिषद का वार्ड 13 पूरी तरह जलमग्न हो गया है। भारी बारिश के बाद यहां एक दर्जन से अधिक घरों में बारिश का गंदा पानी प्रवेश कर गया है। जिससे आमजन को खासी परेशानी हो रही है। वार्ड 13 के लोगों का कहना है कि नाला नहीं होने के कारण बारिश का पानी घर में प्रवेश कर जाता है।
अभी तो बारिश का मौसम शुरू ही हुआ है। नगर परिषद को इस ओर ध्यान देना चाहिए। वहीं भारी बारिश से वार्ड के ओम प्रकाश पांडे के घर में बारिश का पानी घुस गया। जिससे उनकी बुजुर्ग मां को दैनिक कार्य करने में काफी परेशानी हुई। ओम प्रकाश पांडे का कहना है कि अगर समय रहते नगर परिषद नाला निर्माण नहीं करता है तो ग्रामीण नगर प्रशासन के खिलाफ हंगामा करेंगे। क्षेत्र के वार्ड 13 में वर्षों से नाला निर्माण नहीं हुआ है इस कारण जल जमाव की स्थिति उत्पन्न होती है।
ओमप्रकाश पांडे, राजेश मिश्रा, अशोक कुमार मिश्रा, दीप्ति मिश्रा आदि ग्रामीणों ने बताया कि नाला निर्माण कराने से वर्षों पुरानी इस समस्या से ग्रामीणों को निजात मिलेगा।
वहीं दर्जनों घरों में हुए जलजमाव के बाद स्वच्छता निरीक्षक दिलीप कुमार दुबे और पार्षद सरिता देवी वार्ड पहुंचीं और लोगों से जलजमाव के विषय में जानकारी ली। वह इस मसले पर कार्यपालक पदाधिकारी सुमित्रानंदन ने कहा कि वार्ड में नाला नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। जल्द से जल्द नाला निर्माण करा दिया जाएगा।