TMBU : शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए विवि प्रशासन ने की पहल, जानिए Bhagalpur News
सूची सरकार को उपलब्ध करा दी गई है। 2014 की बची हुई वेकेंसी और नई रिक्तियों को मिलाकर जितने पदों पर बहाली की जरूरत है इसकी जानकारी सरकार को दी गई है।
भागलपुर [जेएनएन]। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में शिक्षकों के 288 पदों पर नियुक्ति होगी। मुंगेर विवि के अलग होने के बाद तिलकामांझी विवि में करीब छह सौ पद बचे हैं, इनमें से 288 पद रिक्त हैं। विवि ने अब इन पदों पर नियमित शिक्षकों की बहाली के लिए सरकार को सूची भेज दी है। इनमें 252 नई वेकेंसी है, जबकि 36 पुरानी वेकेंसी है।
कुलपति प्रो. लीला चंद साहा ने बताया कि सूची सरकार को उपलब्ध करा दी गई है। 2014 की बची हुई वेकेंसी और नई रिक्तियों को मिलाकर जितने पदों पर बहाली की जरूरत है, इसकी जानकारी सरकार को दी गई है। अब आगे की प्रक्रिया सरकार को अपनानी है। नई वेकेंसी में मुंगेर विवि शामिल नहीं है। बीपीएससी ने 2014 में नियुक्ति के लिए विज्ञापन कर जब आवेदन मांगे थे तब तिलकामांझी विवि में मुंगेर विवि शामिल था। इसके अलग होने के बाद दोनों विवि के बीच हुए समझौते के बाद अब बीपीएससी से जो भी बहाली हो रही है उसके आधे शिक्षक मुंगेर विवि को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
तिलकामांझी विवि ने हाल ही में कॉमर्स और वनस्पति विज्ञान के आधे शिक्षक मुंगेर विवि भेजे हैं। दरअसल पिछले महीने राजभवन में हुई बैठक में प्रो. साहा ने शिक्षकों के रिक्त पदों का मामला उठाया था। इस पर कहा गया था कि विवि 30 जून तक वेकेंसी भेजे। कुलाधिपति ने सरकार से कहा है कि बहाली 2020 तक कर दी जाए। 2014 की वेकेंसी के आधार पर बीपीएससी ने बहाली की थी जबकि अब विवि सेवा आयोग नियुक्ति करेगा।