तालाब में मूर्ति विसर्जन करने गये 12 बच्चे डूबे, नौ के शव बरामद
बिहार के भागलपुर के नवगछिया में तालाब में मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबने से 12 बच्चे डूब गये। इनमें से 9 बच्चों का शव बरामद किया गया है। घटना के बाद चारो तरफ चीख-पुकार मच गई।
भागलपुर [जेएनएन]। गणपति की प्रतिमा विसर्जन के दौरान रविवार की शाम 12 किशोर पोखर में डूब गए। इनमें से कुछ तो जैसे-तैसे पानी से निकल गए। बाकी सभी गहरे पानी में समा गए। ग्रामीणों के प्रयास से 9 किशोर का शव बरामद किया गया। चार और लापता किशोर की खोज की जा रही है। सभी की उम्र 13 से 16 के बीच है। यह हादसा भागलपुर जिले के बिहपुर प्रखंड अंतर्गत मड़वा गांव के समीप हुआ। सभी मृतक कोरचक्का गांव के थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बहपुर प्रखंड के मड़वा गांव के पास पोखर में किशोरों की टोली शाम चार बजे गणेश जी के प्रतिमा विसर्जन करने गई थी। वहां गहरे पानी में चले जाने के कारण एक-एक कर 12 किशोर डूब गए। स्थानीय गोताखोरों के प्रयास से 9 बच्चों का शव बाहर निकाला गया।
ग्रामीण भीखन सिंह, विजय सिंह, उमेश राम व मुकुंद सिंह के बच्चों की भी डूबने की आशंका है, जिनकी खोज की जा रही है। सूचना पर एसडीपीओ मुकुलरंजन, सीओ रतन लाल दलबल के साथ पहुंचे।
मृतकों में कोरचक्का निवासी शिवनंदन यादव के 16 वर्षीय पुत्र निरंजन कुमार, संजय सिंह के 15 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार, 12 वर्षीय बिट्टू कुमार, विवेका सिंह के 15 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार, बबलू सिंह के 13 वर्षीय राहुल कुमार शामिल हैं।