बिहार: जब नक्सली एरिया कमांडर की बहन ने उड़ा दिए थे पुलिस के होश, जानें मामला
बिहार में नक्सली एरिया कमांडर दयानंद मालाकार की बहन ने पुलिस के ही होश उड़ा दिये थे। बेगूसराय के तेघड़ा थाने को बम से उड़ा देने की धमकी दे दी थी। अब जाकर पुलिस ने ली राहत की सांस
बेगूसराय, तेघड़ा। बिहार में नक्सली एरिया कमांडर दयानंद मालाकार की बहन ने पुलिस के ही होश उड़ा दिये थे। उसने बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना को ही बम से उड़ा देने की धमकी दे दी। धमकी मिलते ही बिहार पुलिस के होश उड़ गए। मामला पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया। मंगलवार को पुलिस ने राहत की सांस ली है। महिला नक्सली पवन देवी को पुलिस से गिरफ्तार कर लिसा है।
बेगूसराय के तेघड़ा थाने को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। गिरफ्तार नोनपुर निवासी महिला नक्सली पवन देवी को पूछताछ करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस ने माओवादी दस्ता में शामिल नक्सली महिला को तेघड़ा थाना क्षेत्र के एन एच 28 पर पिढ़ौली डाकबंगला चौक से गिरफ्तार किया है।
नक्सली महिला के विरुद्ध माओवादी गतिविधियों में शामिल रहने तथा दारोगा के सरकारी मोबाइल पर फोन कर थाना भवन को बम से उड़ाने की धमकी देने के आरोप में तेघड़ा थाना में कांड संख्या 189/18 के तहत पूर्व से ही प्राथमिकी दर्ज है।
तेघड़ा के थानाध्यक्ष सह इंसपेक्टर शरत कुमार ने बताया कि नक्सली महिला नोनपुर गांव निवासी प्रतिबंधित माओवादी संगठन के एरिया कमांडर दयानंद मालाकार की सहोदर बहन है।
नक्सली गतिविधियों में शामिल महिला ने विगत 25 मई 2018 को तेघड़ा थाना के तत्कालीन एसएचओ सह इंसपेक्टर रामस्वार्थ पासवान के सरकारी मोबाइल पर लगातार दो बार फोन कर थाना को बम से उड़ाने की धमकी देकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था। पुलिस अनुसंधान में तेघड़ा थाना को बम से उड़ाने की धमकी में प्रत्युक्त मोबाइल नंबर की सीडीआर रिपोर्ट आने के बाद माओवादी दस्ता के सक्रिय सदस्य सह नक्सली एरिया कमांडर की बहन को इस मामले में नामजद किया गया। तेघड़ा पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली महिला के विरुद्ध बेगूसराय कोर्ट से वारंट निर्गत था। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।