नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा दल के पदयात्रियों का हुआ स्वागत
बेगूसराय। नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा समिति द्वारा आयोजित पदयात्रा बुधवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से गुजरते हुए साहेबपुर कमाल प्रखंड के समस्तीपुर पहुंचा।
बेगूसराय। नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा समिति द्वारा आयोजित पदयात्रा बुधवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से गुजरते हुए साहेबपुर कमाल प्रखंड के समस्तीपुर पहुंचा। यहां एंग्लो इंडियन पब्लिक स्कूल के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया। पदयात्रा का नेतृत्व नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा समिति के राष्ट्रीय महासचिव राजीव कुमार कर रहे हैं। पदयात्रियों का जत्था मुंगेर के कष्टहरनी घाट से प्रारंभ होकर श्रीनगर, मल्हीपुर, छर्रापट्टी, फुलमलिक, संदलपुर होते हुए अवध-तिरहुत पथ में स्थित एंग्लो इंडियन पब्लिक स्कूल पहुंचा जहां विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार सिंह, निदेशक कृष्ण मुरारी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार द्वारा बिहार केशरी डॉ.श्रीकृष्ण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि अंग्रेजों द्वारा लाए गए काले नमक कानून के विरोध में 17 अप्रैल 1930 को बिहार केशरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के नेतृत्व में आजादी के दीवाने बनारसी बाबू, बिदेश्वरी बाबू सहित सैकड़ों देशभक्तों ने मुंगेर के कष्टहरनी घाट से नमक सत्याग्रह स्थल, गढ़पुरा तक पैदल यात्रा की थी। गढ़पुरा में ही नमक बनाकर लोगों ने अंग्रेजों के काले कानून को तोड़ा था। वक्ताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन में नमक सत्याग्रह की महत्वपूर्ण भूमिका, आजादी की लड़ाई और आधुनिक बिहार के निर्माण में श्रीबाबू के योगदान की चर्चा की। इस दौरान स्कूली बच्चों ने स्वागत गान से पदयात्रियों का स्वागत किया। जत्थे में शामिल कुमार संजीव ने देशभक्ति गीत एवं श्री बाबू पर स्वरचित गीत प्रस्तुत कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। दोपहर का भोजन एवं विश्राम के बाद पदयात्रियों का जत्थे ने पंचवीर के रास्ते बलिया के लिए प्रस्थान किया। पदयात्रियों के जत्थे में राजीव कुमार, सुशील सिंहानिया, रामप्रवेश चौरसिया, रमेश महतो, मुकेश विक्रम यादव, रामसेवक स्वामी यादव, विशुनदेव पासवान, डोमन महतो, हरिहर दास, संजीव पोद्दार, कुमार संजीव सहित 25 लोग शामिल हैं।