Move to Jagran APP

बिहार के बेगूसराय में खुलेआम गोलीबारी को लेकर विपक्ष के निशाने पर राज्य सरकार, मांगा- सीएम नीतीश कुमार का इस्तीफा

आशंका है कि दहशत फैलाने के लिए शराब माफिया का वारदात के पीछे हाथ हो सकता है हालांकि अभी पुलिस की ओर से ऐसा कोई बयान नहीं दिया गया है। बेगूसराय के एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि जिले की सभी सीमा सील कर दी गई हैं कार्रवाई जारी है।

By Amit SinghEdited By: Published: Wed, 14 Sep 2022 05:40 AM (IST)Updated: Wed, 14 Sep 2022 05:40 AM (IST)
बिहार के बेगूसराय में खुलेआम गोलीबारी को लेकर विपक्ष के निशाने पर राज्य सरकार, मांगा- सीएम नीतीश कुमार का इस्तीफा
गोलीकांड को लेकर विपक्ष के निशाने पर नीतीश सरकार

जागरण संवाददाता, बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में मंगलवार को एक के बाद एक कर 12 लोगों पर फायरिंग की घटना ने लोगों को दहला दिया। दो अपराधियों ने बाइक चलाते हुए करीब 40 किलोमीटर का सफर तय किया और रास्ते में जो दिखा उसे गोली मार दी। इस दौरान कहीं पुलिस नजर नहीं आई। एक के बाद एक सारी वारदातें राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर हुईं।

loksabha election banner

एडीजी (मुख्यालय) जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सभी जिलों को अलर्ट करते हुए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने एक सीसीटीवी फुटेज निकाला है, जिसमें बाइक पर दो युवक सवार हैं। यह फुटेज बेगूसराय के तेघडा थाना क्षेत्र का है। पुलिस को आशंका है कि इन्हीं दोनों ने गोलीबारी की इन घटनाओं को अंजाम दिया है। पहली घटना शाम करीब पांच बजे हुई। छह बजे के बाद रह-रहकर सूचनाएं आने लगीं कि जगह-जगह लोगों को गोली मारी गई है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाने लगा, तब इलाके में दहशत फैल गई कि कोई साइको किलर घूम रहा है।

अपराधी बाइक से घूमते रहे और गोलियां दागते रहे। पुलिस वारदात का कारण नहीं बता पा रही है। यह आशंका भी है कि दहशत फैलाने के लिए शराब माफिया का भी इसके पीछे हाथ हो सकता है, हालांकि अभी पुलिस की ओर से ऐसा कोई बयान नहीं दिया गया है। बेगूसराय के एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि जिले की सभी सीमा सील कर दी गई है और टीम बनाकर छापेमारी की जा रही है।

गिरिराज सिंह ने साधा नीतीश सरकार पर निशाना

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय कांड को लेकर प्रदेश की नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने मृतक के आश्रित को एक करोड़ रुपये व घायलों को 50-50 लाख रुपये बतौर मुआवजा देने की मांग की है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार का दुर्भाग्य है कि मुख्यमंत्री कुर्सी पर बने रहने के लिए जंगल राज को जनता का राज बताते हैं। बिहार में सरकार नाम की चीज नहीं है, और जब अपराधी बेखौफ हो जाते हैं, तब बेगूसराय जैसी घटना होती है। उन्होंने मुख्यमंत्री को जवाब देने की चुनौती देते हुए कहा कि सिर्फ बैठकों से काम नहीं चलने वाला है। मुख्यमंत्री जंगलराज की नई परिभाषा जनता राज के रूप प्रस्तुत कर रहे हैं।

सुशील मोदी ने वीडियो ट्वीट कर बोला हमला 

बेगूसराय कांड को लेकर सुशील मोदी ने प्रदेश सरकार की जमकर आलोचना की है। उन्होंने एक वीडियो संदेश ट्वीट कर कहा कि बेगुसराय में मोटरसाइकल पर सवार दो अपराधियों ने 11 लोगों को गोली मारकर घायल कर दिया। बिहार के इतिहास में यह अपने प्रकार की पहली घटना है।

अश्विनी चौबे ने बिहार में बताया जंगल राज

बेगूसराय में खुलेआम हुई गोलीबारी को पर राज्य सरकार की जमकर आलोचना हो रही है। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने बिहार में जंगल राज होने की बात कही है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की है। घटना का विरोध करते हुए उन्होंने ट्वीट किया कि सत्ता के लालच में सीएम नीतीश कुमार ने राज्य को 'जंगल राज' में धकेल दिया है। लोगों को जवाब चाहिए बेगूसराय में इतनी बड़ी घटना कैसे हुई, राज्य में लोग खासकर महिलाएं डरी हुई हैं। सीएम इस्तीफा दें।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.