बिहार में हादसा: बेगूसराय में ट्रक झोपड़ी में घुसा, 8 की मौत, गुस्से में लोग, सड़क जाम
बिहार के बेगूसराय में बड़ा हादसा हो गया है। झाेपड़ी में तेज रफ्तार ट्रक घुस गया। आठ लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी है। इलाके में हाहाकार मच गया है
बेगूसराय, जेएनएन। बिहार के बेगूसराय में बड़ा हादसा हो गया है। झाेपड़ी में तेज रफ्तार ट्रक घुस गया। इसमें मरनेवालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। पहले छह लोगों के मरने की सूचना आ रही थी। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। मरनेवालों में एक बच्ची भी शामिल है। हादसा मुफसिल थाना क्षेत्र के नवटाेलिया कोरिया में एसएच 55 के किनारे हुआ है। उस समय झोपड़ी में 10 से 12 लोग रामनवमी को लेकर मीटिंग कर रहे थे। पहले ताश खेलने की बात हो रही थी। मीटिंग के दौरान ही ट्रक उस झोपड़ी में घुस गया। उधर लोगों ने घटना के विरोध में सड़क जाम कर दिया है। मौके पर बेगूसराय के डीएम व एसपी पहुंच गए हैं। वहीं मृतकों की पहचान हो गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही लोगाें की भीड़ जुट गई है। बताया जाता है कि लोगों को निकालने के लिए ट्रक को गड्ढे में पलटा गया। ट्रक पर चावल लदा हुआ था। इसके बाद लोगों को बाहर निकाला जा सका। निकाले गए लोगों में आठ लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं तीन लोग जख्मी हो गए हैं। उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है। बताया जाता है कि उन तीनों की भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मरनेवालों में एक बच्ची ज्योति कुमारी भी शामिल है, जो वहां पर खड़ी थी। प्रशासन के लाेग भी मौके पर पहुंच गए हैं। इलाके में घटना को लेकर हाहाकार मच गया है।
उधर घटना को लेकर स्थानीय लोग काफी गुस्से में हैं। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। घटना के विरोध में सड़क जाम कर दिया है। प्रशासन के लोग पहुंच गए हैं। लोगों को समझाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों के रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मौके पर बेगूसराय के डीएम राहुल कुमार और एसपी अवकाश कुमार भी पहुंच गए हैं। सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाया जा रहा है, लेकिन वे लोग मानने को तैयार नहीं है।
मृतकों के नाम
केशो साह, उम्र 55 साल
बैजनाथ साह, उम्र 53 साल
शंकर सहनी, उम्र 55 साल
भोला पंडित, उम्र 38 साल
कृष्णनंदन महतो, 38 साल
शीतल सहनी, 40 साल
आसो साह, 44 साल
ज्योति कुमार, उम्र 12 साल