बिहार के बेगूसराय में आठ लोगों की डूबने से मौत, चार घोघा चुनने में तो चार नहाने के दौरान डूबे
बिहार के बेगूसराय में बड़ा हादसा हो गया है। अलग-अलग घटनाओं में आठ लोगों की डूबने से मौत हो गई है। इलाके में कोहराम मच गया है। मृतकों में एक महिला व सात बच्चे शामिल हैं।
बेगूसराय, जेएनएन। बिहार के बेगूसराय में बड़ा हादसा हो गया है। अलग-अलग घटनाओं में आठ लोगों की डूबने से मौत हो गई है। इलाके में कोहराम मच गया है। मृतकों के घरों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ घटनास्थल की ओर पहुंच गयी है। प्रशासनिक अधिकारी भी जानकारी लेने के लिए मौके पर पहुंचे हैं। मृतकाें में एक महिला व सात बच्चे शामिल हैं।
बताया जाता है कि बेगूसराय के गढ़पुरा थाना हरखपुरा में घोंघा चुनने के दौरान चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि भगवानपुर थाना के मोजाहिदपुर में तीन बच्चे नहाने के दौरान डूब गए। इनमें से दो के शव बरामद हो गये हैं। वहीं, एक बच्चे की स्थिति गम्भीर है।
गढ़पुरा थाना क्षेत्र के हरखपुरा चौर में डूबने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। बताया जाता है कि हरखपुरा निवासी दिनेश दास की पत्नी, बेटी सोनी देवी 25 वर्ष, सुलेखा कुमारी 13 वर्ष, पुत्र सुमित कुमार 14 वर्ष व मंजीत दास की पुत्री खुशबू कुमारी 12 वर्ष घोघा चुनने के लिए शहार बहियार चौर गई। इसी दौरान पांचों डूबने लगे। इनमें से दिनेश दास की पत्नी को बचा लिया गया, जबकि दिनेश दास की दो पुत्री, एक पुत्र व मंजीत दास की बेटी डूब गई। चारों के शव बाहर निकाले जा रहे हैं।
उधर, भगवानपुर थाना क्षेत्र के मोजाहिदपुर में तीन बच्चे नहाने के दौरान डूब गए। दो की मौत हो गई। दोनों के शव बाहर निकाल लिये गये हैं, तीसरे बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान मो. अनीस की पुत्री हेना परवीन (10 वर्ष) तथा मो. अली हसन की पुत्री गुड़िया खातून (13 वर्ष) के रूप में हुई है।
इसके अलावा दो अन्य स्थानों पर भी दो लोगों के डूबने की खबर है। जानकारी के अनुसार, दामोदरपुर व मानोपुर में एक-एक की मौत हुई है। दामोदरपुर में दिलचन मल्लिक का दामाद संतोष मल्लिक की डूबने से मौत हो गई, जबकि मानोपुर में अनिल साह का पुत्र लक्की कुमार (14 वर्ष) के रूप में मृतक की पहचान हुई है।