प्रखंड कार्यालय में घुसा बारिश का पानी
विकास के नाम पर सरकारी राशि की बंदरबांट का नायाब नमूना देखना है तो खोदावंदपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय आएं।
बेगूसराय। विकास के नाम पर सरकारी राशि की बंदरबांट का नायाब नमूना देखना है तो खोदावंदपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय आएं। यहां प्रखंड एवं अंचल कार्यालय की मरम्मत, साज सज्जा तथा जल संरक्षण एवं जल निकासी के नाम पर लाखों रुपये खर्च किया गया। बावजूद वर्षा का पानी कार्यालय के विभिन्न कक्ष में जमा है। जल जमाव के बीच कार्यालय के कर्मी अपने काम को अंजाम देने को मजबूर हैं।
बताते चलें कि पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत के माध्यम से लाखों रुपये की राशि व्यय कर खोदावंदपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण किया गया। जल निकासी के लिए कार्यालय के चारों ओर ढक्कन युक्त नाला का निर्माण कराया गया। वर्षा जल संरक्षण के लिए प्रखंड कार्यालय के अगल-बगल आधा दर्जन से अधिक सोख्ता का भी निर्माण कराया गया। बावजूद इसके, मंगलवार को बेमौसम बारिश से वर्षा का पानी नाला के माध्यम से सोख्ता या कार्यालय से बाहर नहीं जाकर प्रखंड कार्यालय के आरटीपीएस रूम, इंदिरा आवास कक्ष एवं अंचल कार्यालय कक्ष में एक फीट पानी जमा हो गया है। कार्यालय में पानी प्रवेश कर जाने से महिला कर्मियों को सर्वाधिक परेशानी हो रही है।
पदाधिकारी के नाक के नीचे सरकारी योजना के गुणवत्ता की जमीनी हकीकत ऐसी है तो ग्रामीण क्षेत्रों में काम की गुणवत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है। अगर समय रहते त्रुटिपूर्ण कराए गए कार्य में सुधार नहीं कराया गया तो आने वाले बारिश के मौसम में खोदावंदपुर प्रखंड सह अंचल कार्यलय झील में तब्दील हो जाएगा।
कहते हैं बीडीओ
इस मामले में बीडीओ अनुरंजन कुमार ने बताया कि प्रखंड कार्यालय के चारों ओर बना नाला जाम रहने के कारण वर्षा का पानी बाहर निकलने के बजाय कार्यालय में ही घुस गया। जाम नाला की सफाई करवा कर शीघ्र समस्या को दूर कर लिया जाएगा।