पोखर के विषाक्त पानी को बदलवाने की मांग
बेगूसराय। छठ पर्व के नजदीक आते ही नगर निगम ने शहर समेत आसपास के पोखरों की सफाई का काम शुरू किया है।
बेगूसराय। छठ पर्व के नजदीक आते ही नगर निगम ने शहर समेत आसपास के पोखरों की सफाई का काम शुरू किया है। इसी क्रम में शहर के विष्णु चौक स्थित पोखर की साफ-सफाई का काम बीते दो दिनों से चल रहा है। जिले के शीर्षस्थ अधिकारी भी सफाई अभियान का जायजा ले चुके हैं। बावजूद इसके विषाक्त पानी को बदलवाने की दिशा में काम नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इस संबंध में बड़ी दुर्गा स्थान पूजा समिति के अध्यक्ष रामप्रताप चौधरी ने बताया कि उक्त पोखर में हर्रख, सुभाष नगर, विश्वनाथ नगर, हरिनाथ नगर, पटेल चौक, मीरगंज, मुंगेरीगंज, सब्जी बाजार, आस्था नगर समेत 20 गांवों के छठ व्रती समेत अन्य भी छठ पर्व मनाते हैं। उन्होंने पानी बदलवाने, पोखर की सीढि़यों के पास के चूहे के बिल में मिट्टी भराई कराने, चारों कोने में स्थायी प्रकाश व्यवस्था करने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग और स्थायी डस्टबिन की व्यवस्था करने की मांग डीएम समेत नगर निगम के अधिकारियों से की है।