कन्हैया को लेकर गरमाई सियासत, भड़के JDU MLA ने बता दिया 'दिल्ली का लफुआ'
जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया की राजनीतिक सक्रियता से बिहार की सियासत गरमा गई है। उनके खिलाफ एक जदयू विधायक ने बेहद आपत्तिजनक बयान दिया है।
बेगूसराय [जेएनएन]। लोकसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे नेताओं के बोल बिगड़ रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को बिहार के बेगूसराय स्थित मटिहानी से जदयू विधायक नरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष व भाकपा नेता कन्हैया कुमार के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया।
विधायक ने कन्हैया को 'दिल्ली का लफुआ' (दिल्ली का लोफर) करार दिया। उनका यह बयान तब आया है, जब कन्हैया लगातार बेगूसराय जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों से रूबरू हो रहे हैं। कन्हैया के लगातार कार्यक्रमों में शिरकत करने से उनके संसदीय चुनाव लडऩे की चर्चा जोरों पर है। कन्हैया ने भी कहा है कि अगर पार्टी चाहेगी तो वे उसके आदेश का पालन करेंगे।
कन्हैया के लगातार कार्यक्रमों में शिरकत करने से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता तनाव में आ गए हैं। इसी क्रम में बोगो सिंह ने कन्हैया के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दे दिया।
विधायक नरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने लोकसभा चुनाव पर अपनी मंशा भी साफ कर दी है। बताया जा रहा है कि विधायक ने साफ कह दिया है कि इस बार लोकसभा चुनाव में यदि नीतीश कुमार बाहरी कैंडिडेट देते हैं, तो वे विरोध करेंगे। इसे लेकर विधायक से दूरभाष पर बात करने का प्रयास किया गया परंतु उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।