आठवीं पदयात्रा के लिए पदयात्री मुंगेर रवाना
बेगूसराय। गढपुरा नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा समिति की आठवीं पदयात्रा 17 अप्रैल बुधवार को आठ बजे सुबह मुंगेर से शुरू होगी। 80 किलोमीटर की ऐतिहासिक पदयात्रा 21 अप्रैल को श्रीकृष्ण बाबू की कर्मभूमि गढपुरा पहुंचेगी।
बेगूसराय। गढपुरा नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा समिति की आठवीं पदयात्रा 17 अप्रैल बुधवार को आठ बजे सुबह मुंगेर से शुरू होगी। 80 किलोमीटर की ऐतिहासिक पदयात्रा 21 अप्रैल को श्रीकृष्ण बाबू की कर्मभूमि गढपुरा पहुंचेगी। इसके लिए गढपुरा से पद यात्रियों का जत्था मंगलवार को मुंगेर के लिए रवाना हो गया। उक्त जानकारी गौरव यात्रा समिति के कोषाध्यक्ष सुशील कुमार सिघानिया ने दी।
उन्होंने बताया कि पदयात्रा पथ में पड़ने वाले गांव के सभी जाति धर्म एवं वर्ग के लोगों को जोड़ने के लिए लगातार गौरव यात्रा समिति के राष्ट्रीय महासचिव राजीव कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को पदयात्री मुंगेर के कष्टहरनी घाट से मां गंगा को प्रणाम कर नाव से गंगा पार करेंगे। इसके बाद प्रथम दिन श्रीनगर, छर्रापट्टी, शालिग्रामी, मल्हीपुर, फुलमलिक, समस्तीपुर, पंचवीर, सनहा, लखमीनिया के बाद रात्रि विश्राम बलिया में होगा। दूसरे दिन 18 अप्रैल को पदयात्रा प्रारंभ होकर सदानंदपुर, बरियारपुर, विष्णुपुर, रहाटपुर, मीनापुर, सफापुर, भैरवार, लोदीपुर, शाहपुर, बहदरपुर, कोठिया, मनिअप्पा, बाजितपुर होते बेगूसराय में रात्रि विश्राम करेंगे। तीसरे दिन 19 अप्रैल को पदयात्री पन्हांस, कंकौल, रजौड़ा, खम्हार के बाद रात्रि विश्राम मोहनपुर में करेंगे। जबकि 20 अप्रैल की सुबह पदयात्रा आगे बढ़ेगी, जो कोरिया श्रीकृष्ण चौक होते सिउरी, मंझौल, जयमंगलागढ़ मोड़, गढ़खोली, हरसाई, सकड़ा के बाद अंतिम पड़ाव रजौड़ पंचायत भवन पर पहुंचेगी। यहां से 21 अप्रैल को यात्रा अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करेगी जो मणिकपुर, कनौसी-दुनही रक्सी चौक होते बिहार केसरी श्रीकृष्ण स्मारक इंटर महाविद्यालय गढ़पुरा के बाद नमक सत्याग्रह स्थल पहुंचेगी जहां भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।