भूमि विवाद में मारपीट, मुखिया समेत दर्जन भर घायल
बेगूसराय। थाना क्षेत्र के मुजफरा बाजार में गुरुवार को भवानंदपुर के मुखिया मेराज अंसारी एवं मो. अशफाक
बेगूसराय। थाना क्षेत्र के मुजफरा बाजार में गुरुवार को भवानंदपुर के मुखिया मेराज अंसारी एवं मो. अशफाक के बीच
भूमि विवाद में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में महिला समेत दर्जन भर लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस दौरान दोनों ओर से कई चक्र गोलियां भी चलाई गई। घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है। दंगा नियंत्रण बल भी घटनास्थल पर तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, भवानंदपुर पंचायत के मुखिया मेराज अंसारी एवं मो. अशफाक के बीच पूर्व से भूमि विवाद चल रहा है। मुखिया ने बताया कि मो. अशफाक के पक्ष के लोगों ने उनके घर, दुकान एवं आफिस पर गुरुवार की दोपहर में एकाएक हमला कर दिया। इस दौरान जमकर रोड़ेबाजी के साथ तोड़फोड़ की गई। इससे आफिस में लगा सीसी कैमरा भी तोड़ दिया गया। साथ ही चार बाइक एवं बोलेरो को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस दौरान हवा में चार चक्र गोलियां भी चलाई गई।
वहीं दूसरे पक्ष के मो. अशफाक ने आरोप लगाया कि मुखिया 40 से 50 गुंडे लेकर आए और महिला, पुरुष एवं बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की। जिसमें कई लोग घायल हो गए। इस दौरान उनलोगों ने उनकी झोपड़ी में आग लगा दी। अगलगी में चौकी, साइकिल आदि जल गया। उन्होंने मुखिया पक्ष पर हवा में दो चक्र गोली चलाने का आरोप लगाया। मारपीट की घटना में दोनों ओर से दर्जन भर लोग घायल हो गए। जिसमें पांच की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायलों में मो. जमील अंसारी, मो. सद्दाम एवं तनवीर हसन अंसारी को वीरपुर पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बेगूसराय रेफर कर दिया गया। वहीं मो. मुमताज एवं मुखिया मेराज अंसारी का पीएचसी में ही इलाज किया गया। जबकि कुछ घायलों का इलाज निजी क्लीनिक में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर थाना के एएसआइ अजय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर कैंप किए हुए हैं। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है। जिला से दंगा नियंत्रण बल भी घटनास्थल पर तैनात है। थानाध्यक्ष वरुण कुमार ने बताया कि अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस घटना की सभी पहलुओं पर बारीकी से नजर रख रही है।