विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचीं प्रमुख को एचएम ने दी हत्या की धमकी
बेगूसराय। विद्यालय का निरीक्षण करना महिला प्रमुख अंजना कुमारी एवं पंसस कैलाश चौरसिया को महंगा पड़ा। न
बेगूसराय। विद्यालय का निरीक्षण करना महिला प्रमुख अंजना कुमारी एवं पंसस कैलाश चौरसिया को महंगा पड़ा। निरीक्षण से आक्रोशित शिक्षक ने प्रमुख एवं पंसस को हत्या करने तक की धमकी दे डाली। घटना के बाबत प्रमुख ने स्थानीय थाना में प्राथमिक विद्यालय मटिहानी पश्चिम टोल के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह एवं चार-पांच अन्य के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्रमुख ने पुलिस को बताया कि उक्त विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह विद्यालय नहीं जाते हैं। प्रखंड और बीआरसी के इर्द गिर्द मंडराते रहते हैं। इसकी शिकायत स्थानीय अभिभावकों बराबर कर रहे थे। शिकायत के आलोक में बुधवार को 1.45 बजे अपने साथी पंसस व प्रखंड शिक्षा समिति के सदस्य कैलाश चौरसिया के साथ निरीक्षण के लिए विद्यालय पहुंची। विद्यालय में न ही एक भी बच्चे थे और न एमडीएम ही बना था। प्रभारी मनोज कुमार सिंह सहायक शिक्षिका व मनोज सिंह की पत्नी मधु कुमारी नहीं थीं। एक शिक्षक मो. अलि अंसारी विद्यालय पर मौजूद थे। उनसे विद्यालय प्रधान और विद्यालय में बच्चों के नहीं रहने के बाबत पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि बुधवार को मात्र पांच छात्र ही आए थे, जो चऐ गए। प्रभारी प्रखंड गए हुए हैं। उनसे शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति पंजी मांगी गई तो उन्होंने उपलब्ध कराया। निरीक्षण के बाद जब वे प्रखंड कार्यालय लौट रही थीं, तब रास्ते में रोक कर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। वह किसी तरह कार्यालय पहुंची और कार्यालय में लोगों को आपबीती सुना रही थीं। तभी शिक्षक मनोज कुमार सिंह और चार-पांच अज्ञात उनके कक्ष में घुस गए तथा उनके एवं पंसस कैलाश चौरसिया के साथ गाली गलौज करते हुए जान मारने की धमकी दी। मना करने पर वहां मौजूद पंसस राधा देवी के पति पूर्व मुखिया नरेश पासवान के साथ उक्त लोगों ने जाति सूचक शब्द का प्रयोग करते हुए गाली गलौज की।
कहते हैं विद्यालय के प्रधान
इस मामले में आरोपित शिक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रमुख द्वारा लगाया गया आरोप स्थानीय राजनीति से प्रेरित असत्य और निराधार है। वे विद्यालय के काम से बीआरसी आए थे। बुधवार को प्रमुख से हमारी भेंट नहीं हुई है। प्रमुख नाजायज पैसा उगाही के लिए शिक्षकों पर दवाब बनाने के लिए निरीक्षण का नाटक करती हैं।