किसान कल्याण अभियान शिविर में दी गई अहम जानकारी
बेगूसराय। प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों में किसान चौपाल अभियान की सफलता के बाद कृषि विभाग द्वारा कि
बेगूसराय। प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों में किसान चौपाल अभियान की सफलता के बाद कृषि विभाग द्वारा किसान कल्याण अभियान 2018 की शुरुआत की गई। अभियान के प्रथम दिन बुधवार को सबदलपुर पंचायत के मल्हीपुर करारी गांव में दोदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता पंचायत की मुखिया गीता देवी ने की। इस अवसर पर चयनित किसानों के बीच विशेष बीज वितरण के साथ अधिक लाभ उपार्जन की जानकारी दी गई। शिविर को संबोधित करते हुए बीएओ राजेश्वर राम ने प्रशिक्षण प्राप्त चयनित किसानों को प्राप्त बीज से बताए गए तरीके अपना खेती कर उससे प्राप्त दाने को पुन:बीज बनाकर अन्य किसानों को उपलब्ध कराने एवं खेती की जानकारी देने को कहा। इस अवसर पर प्रगतिशील चयनित किसानों को बीच बीज वितरण की योजना है। जिसमें 60 किसानों को प्रति चार किलो मूंग के बीज, 20 किसानों के बीच धान के बीज, 50 से 60 किसानों के बीच फलदार पौधे, 20 किलोग्राम की दर से 20 किसानों के बीच मूंगफली के बीज का वितरण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। शिविर के दौरान कृषि समन्वयकों ने किसानों को वैज्ञानिक खेती के साथ किराना फसल जिसमें अधिक आमदनी हो, इसकी जानकारी दी। इस अवसर पर जैविक कंपोष्ट खाद निर्माण के तरीके एवं इसके प्लांट से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही स्वयं जैविक खाद निर्माण कार्य में प्रति यूनिट पांच हजार के अनुदान दिए जाने की जानकारी दी। शिविर को कृषि समन्वयक, अमित कुमार, राजकृपाल भारती, विनायक कुमार, मारुति कुमार, किसान सलाहकार वंदना कुमारी, मुखिया गीता देवी, पंचायत समिति सदस्य जनार्दन महतो आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।