विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा का जलस्तर घटते ही सामने आई तबाही की तस्वीर: बेगूसराय के कई पंचायतों में सड़कें टूटी

Published: Fri, 25 Sep 2026 04:15 PM (IST)

गंगा का जलस्तर घटने के बाद बेगूसराय के बछवाड़ा प्रखंड की चमथा, विशनपुर और दादुपुर पंचायतों में बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की बदहाल स्थिति सामने आई है।

बेगूसराय के कई पंचायतों में सड़कें टूटी

बेगूसराय के कई पंचायतों में सड़कें टूटी

HighLights

  1. गंगा का जलस्तर घटने से बेगूसराय में सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं।

  2. चमथा, विशनपुर, दादुपुर पंचायतों में आवागमन हुआ मुश्किल।

  3. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क मरम्मत की मांग की।

संवाद सूत्र, चमथा (बेगूसराय)। गंगा के जलस्तर में कमी के बाद बछवाड़ा प्रखंड की चमथा पंचायत एक, दो, तीन, विशनपुर और दादुपुर में बाढ़ का पानी सड़कों से उतरने लगा है। पानी उतरने के साथ ही बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की बदहाल तस्वीर सामने आने लगी है। 

कई जगह मुख्य सड़कें तेज धारा के कारण टूट गई हैं, तो कहीं सड़क की ऊपरी परत उखड़ने से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा रहने से लोगों का आवागमन मुश्किल बना हुआ है।

चमथा पंचायत-एक में बुधन चौक, लक्ष्मणटोल में फलेंद्र सिंह के घर के समीप मुख्य सड़क और छोटखूंट में योगी सिंह के घर के पास ग्रामीण सड़क की स्थिति खराब है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद सड़क की ऊपरी परत कई जगह उखड़ गई है। गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा होने से दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है।

कई संपर्क पथ हुए बदहाल  

चमथा पंचायत-दो में पटपर, स्वास्थ्य उपकेंद्र के समीप तथा गोपटोल और कुर्मीटोल जाने वाली मुख्य सड़कें भी बाढ़ के बाद बदहाल हो गई हैं। चमथा बाजार से पंचायत-तीन के गोपालपुर, पंचखुंटी, चिरैयाटोल, जमाईनकात और करारी होते हुए विशनपुर पंचायत जाने वाली सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त है। 

फूलचंद चौक, बुझावन चौक सहित गंगा घाट से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर भी कई स्थानों पर बाढ़ का असर दिख रहा है। सड़क की खराब स्थिति का असर गंगा घाट जाने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि दाह संस्कार के लिए घाट जाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़क से गुजरना मुश्किल हो गया है। रात के समय परेशानी और बढ़ जाती है।

विशनपुर पंचायत में श्रीराम राय के घर के पास, विषहर स्थान और बुझावन चौक के आसपास की ग्रामीण सड़कें भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हैं। वहीं, दादुपुर पुल के समीप और दुग्ध समिति भवन के पास भी बाढ़ के बाद रास्ते की स्थिति खराब बनी हुई है।

बाइक-साइकिल सवार गड्ढों से बचकर निकलने को मजबूर  

बाढ़ के दौरान कई दिनों तक पानी में डूबी रहने से सड़कों को नुकसान पहुंचा है। अब जलस्तर घटने के बाद भी ग्रामीणों की परेशानी कम नहीं हुई है। बाइक और साइकिल सवार गड्ढों से बचते हुए आवागमन करने को मजबूर हैं। 

वहीं, पैदल राहगीरों के लिए सड़क पर जमा कीचड़ बड़ी बाधा बना हुआ है। कई स्थानों पर सड़क किनारे का हिस्सा भी धंस गया है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत जरूरी है। 

उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त सड़कों का सर्वे कराकर अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके।

यह भी पढ़ें- बेगूसराय: 'पति ने बंद कर दिया था घर खर्च...', पारिवारिक कलह से तंग आकर मां ने 5 साल की बेटी संग खाया जहर