विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा में डूबने से ननद-भाभी की डूबने से मौत, दरभंगा से शुद्धि स्नान के लिए बेगूसराय आया था परिवार

Published: Sun, 07 Jun 2026 04:33 AM (IST)

बेगूसराय के सिमरिया धाम में गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें ननद और भाभी की डूबने से ...और पढ़ें

डूबने की सांकेतिक तस्वीर

डूबने की सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. सिमरिया धाम में गंगा स्नान के दौरान हादसा।

  2. ननद और भाभी की डूबने से हुई मौत।

  3. दरभंगा की निवासी थीं दोनों मृतकाएं।

संवाद सूत्र, बीहट (बेगूसराय)। चकिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरिया धाम स्थित उत्तरवाहिनी गंगा नदी तट पर शनिवार सुबह स्नान के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में ननद और भाभी की डूबने से मौत हो गई।

दोनों मृतका दरभंगा जिले के विशनपुर थाना क्षेत्र के डिलाही गांव की रहने वाली थीं। मृतकों की पहचान श्रवण महतो की 16 वर्षीय पुत्री मुस्कान कुमारी तथा अरुण महतो की 23 वर्षीय पत्नी मंजू देवी के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, परिवार में एक बुजुर्ग महिला के निधन के बाद द्वादश कर्म का आयोजन हुआ था। इसी के उपरांत शुद्धि स्नान के लिए लगभग 30 सदस्य एक साथ सिमरिया धाम पहुंचे थे। स्वजन गंगा नदी में स्नान कर रहे थे।

बताया जाता है कि मुस्कान स्नान कर नदी से बाहर निकल रही थी, तभी उसकी भाभी मंजू देवी ने उसे साथ में दोबारा स्नान करने के लिए कहा। दोनों जैसे ही नदी में उतरीं और डुबकी लगाई, अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।

घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान चलाया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मुस्कान कुमारी का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

बाद में मंजू देवी का शव भी खोज अभियान के दौरान बरामद किया गया। घटना के बाद गंगा घाट पर स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

चकिया थाना अध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि बचाव एवं खोज अभियान में एसडीआरएफ के साथ स्थानीय गोताखोरों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

यह भी पढ़ें- 2600 साल पुराना मंगल तालाब, 25 एकड़ में फैला; बिहार में गांधी का प्रिय स्थल अब बदहाल, नाम के पीछे रोचक इतिहास

यह भी पढ़ें- इटाढ़ी ओवरब्रिज में दरार के बाद बदल गया ट्रैफिक रूट, बक्सर-रोहतास मार्ग पर जाने से पहले कर लें चेक