Lok Sabha Election 2024: इस सीट के लिए कांग्रेस और CPI में छिड़ सकती है सियासी जंग, क्या बनते-बनते बिगड़ जाएगा I.N.D.I.A का खेल?
बेगूसराय लोकसभा सीट के लिए कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी में सियासी जंग छिड़ सकती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शीर्ष नेतृत्व से मांग की है कि कांग्रेस का ही उम्मीदवार बेगूसराय से चुनाव लड़े। हालांकि सीपीआई ने आज ही इस सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। सीएम नीतीश कुमार भी सीपीआई को अपनी सहमति दे चुके हैं।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। Begusarai Lok Sabha Seat जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी आलाकमान से बेगूसराय लोकसभा सीट पर कांग्रेस की उम्मीदवारी देने की मांग की है। इस आशय का प्रस्ताव बुधवार को जिला कांग्रेस भवन में आहूत पार्टी के प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक में पारित किया गया। बैठक में पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं ने कहा कि बेगूसराय में कांग्रेस पार्टी का ठोस जनाधार है।
पार्टी से जुड़े हजारों कार्यकर्ताओं की दिली इच्छा है कि बेगूसराय संसदीय सीट से कांग्रेस पार्टी चुनाव लड़े और जीत हासिल करे। पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी के जिला अध्यक्ष अभय कुमार सिंह सार्जन के नेतृत्व में यहां पार्टी और मजबूत हुई है। इनके कार्यकाल में बीएलए की संख्या शून्य से शिखर तक पहुंची है।
प्रभात कुमार करेंगे बेगूसराय का दौरा
बैठक में जिले के सभी पंचायतों में एक सप्ताह के अंदर बूथ गठन का निर्णय भी लिया गया। बैठक में जिला अध्यक्ष अभय कुमार सिंह सर्जन ने एक सप्ताह में प्रखंड प्रभारियों की नियुक्ति करने की बात कही। साथ ही जानकारी दी कि पार्टी के बेगूसराय लोकसभा के समन्वयक प्रभात कुमार जल्द बेगूसराय का दौरा करेंगे।
बैठक में महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष रूबी शर्मा, पार्टी नेता शशिशेखर राय, नारायण सिंह, रामविलास सिंह, लखन पासवान, मिथिलेश झा, सुबोध कुमार, चुनचुन यादव, संजय चौधरी, ब्रजेश कुमार प्रिंस, अशोक सिंह, सुरेश पासवान आदि भी थे।
सीपीआई पहले ही कर चुकी है एलान
आपको बता दें कि बेगूसराय सीट के लिए कांग्रेस और सीपीआई में सियासी जंग छिड़ सकती है। दरअसल, बुधवार को ही सीपीआई ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इनमें बांका, बेगूसराय और मधुबनी शामिल है। एक तरफ सीपीआई ने बेगूसराय से चुनाव लड़ने का एलान किया और दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता इस सीट की डिमांड करने लगे। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस और सीपीआई में इस सीट को लेकर विवाद हो सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।