जयंती पर याद किए गए स्वामी विवेकानंद
बेगूसराय। स्वामी विवेकानंद की 153वीं जयंती मंगलवार को पूरे जिले में धूमधाम से मनायी गई। विभिन्न
बेगूसराय। स्वामी विवेकानंद की 153वीं जयंती मंगलवार को पूरे जिले में धूमधाम से मनायी गई। विभिन्न संस्थानों, एवं समूहों द्वारा अलग-अलग स्थान पर उनकी जयंती समारोह का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से ट्रैफिक चौक स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के पास एक समारोह का आयोजन किया गया। नकी प्रतिमा पर सदर एसडीओ विनय कुमार राय सहित अन्य ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। दूसरी ओर नेहरु युवा केंद्र द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर युवा दिवस समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें नेहरु युवा केंद्र के अधिकारी राजीव नंदन कुमार ने दीप प्रज्जवलित कर एवं स्वामी जी के तैल्य चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर संस्था के बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। श्री चित्रगुप्त महापरिवार की ओर से बड़ी पोखर स्थित समुदायिक भवन में स्वामी जी की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष शैलेंद्र मोहन सिन्हा ने किया। मौके पर मौजूद लोगों ने स्वामी जी के बताये रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से पोखरिया स्थित आरसी एकेडमी में स्वामी विवेकानंद जी की 153वीं जयंती समारोह का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष मदन प्रसाद ने की। इस मौके पर वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद की उपलब्धियों, विचार एवं आदर्श पर विस्तार से चर्चा की। योगेंद्र स्मारक पुस्तकालय सिहमा में भी स्वामी जी की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता पुस्कालय के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद मुखर्जी ने की। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में संस्था के मुख्य संरक्षक सह भाकपा के राज्य परिषद सदस्य अनिल कुमार अंजान ने स्वामी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं नगर निगम के कैथमा गांव स्थित हरिजन बैठका परिसर में स्वामी विवेकानंद की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। जिसका उदघाटन महापौर संजय कुमार ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता इफ्फतुर रहमान ने स्वामी जी के व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा समिति द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर जयमंगलागढ़ का भ्रमण कर वहां के मंदिरों की साफ-सफाई की गई एवं स्वामी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर राजीव कुमार, रमेश महतो, मुकेश यादव आदि मौजूद थे।