बिहार: अब बेगूसराय में लड़की से सामूहिक दुष्कर्म, ट्रेन से जबरन उतारकर ले गए थे युवक
बिहार में लड़कियों के साथ हो रही अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब बेगूसराय जिले में एक लड़की को युवकों ने जबरन ट्रेन से उतारकर उसके साथ रात भर सामूहिक दुष्कर्म किया।
बेगूसराय, जेएनएन। बिहार में लड़कियों और महिलाओं के साथ हो रही अपराध की घटनाएं निरंतर बढ़ती जा रही हैं और अपराधी बेखौफ होकर एेसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। कहीं दुष्कर्म में विफल होने पर लड़की को जिंदा जला दिया गया तो कहीं अॉटोरिक्शा में घर लौट रही लड़की को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
बुधवार की रात को बेगूसराय में भी एक लड़की को अगवा कर रातभर उसके साथ कुछ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे छोड़कर भाग गए। रातभर दर्द से तड़पती पीड़िता किसी तरह एक अंजान युवक की मदद से थाने पहुंची और रो-रोकर आपबीती सुनाई। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने बताया कि वह बुधवार की शाम को खगड़िया से जमालपुर जाने वाली ट्रेन से उमेशनगर उतरी थी। उसे वहां अकेली पाकर कुछ युवकों ने अगवा कर लिया। फिर वहां से उसका मुंह बंदकर एक खेत में ले गए और रातभर उसके साथ युवकों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़िता चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन उनपर उसका कोई असर नहीं पड़ा।
सुबह आरोपी पीड़िता को रोता-बिलखता छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता किसी तरह एक अंजान युवक की बाइक पर बैठकर थाने पहुंची। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने आरोपित एस कमाले के आहो निवासी सुनील यादव, मुंगो यादव, मथार निवासी कामदेव यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इन सबसे पूछताछ की जा रही है।