बेगूसराय में सड़क पर घायल पड़ी थी छात्रा, तभी वहां से गुजरा मंत्री का काफिला; गाड़ी रुकवाकर किया ये काम
गढ़पुरा-हसनपुर पथ पर सड़क दुर्घटना में घायल एक छात्रा को मंत्री संजय कुमार ने अपनी गाड़ी से इलाज के लिए ...और पढ़ें

घायल छात्रा को सहारा देकर उठाते मंत्री संजय कुमार।
HighLights
गढ़पुरा-हसनपुर पथ पर छात्रा सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल।
मंत्री संजय कुमार ने मानवीयता दिखाते हुए काफिला रोककर मदद की।
घायल छात्रा को अपनी गाड़ी से हसनपुर इलाज के लिए भेजा।
संवाद सूत्र, गढ़पुरा (बेगूसराय)। गढ़पुरा-हसनपुर पथ पर मालीपुर सुंदरवन के समीप रविवार सुबह करीब 9 बजे सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार छात्रा घायल हो गई।
इसी दौरान उधर से गुजरते बखरी विधायक सह गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने मानवता की मिसाल पेश की। सड़क पर पड़ी छात्रा को देखते ही काफिला रुकवाया और तत्काल उसे अपनी गाड़ी से इलाज के लिए हसनपुर भेज दिया।
बताया गया कि मालीपुर पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी शत्रुघ्न पासवान की 18 वर्षीय पुत्री स्वीटी कुमारी बीए की छात्रा है।
अज्ञात वाहन ने मार दी थी ठोकर
वह रविवार को साइकिल से कोचिंग क्लास करने गढ़पुरा जा रही थी। इसी दौरान मालीपुर सुंदरवन से पहले मुसहरी के समीप एक अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल में जोरदार ठोकर मार दी।
दुर्घटना में छात्रा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
इसी बीच मालीपुर मुखिया के यहां पितृशोक में सांत्वना देने जा रहे मंत्री उधर से गुजरे।
अचानक उनकी नजर घायल छात्रा पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए अपना वाहन रुकवाया और घायल छात्रा की स्थिति देखकर स्वयं मदद के लिए आगे आए।
अपनी गाड़ी से भेजवाया अस्पताल
उन्होंने सहयोग देते हुए छात्रा को अपनी गाड़ी में बैठाकर इलाज के लिए हसनपुर भेजा। मंत्री के इस संवेदनशील कदम की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल जनसमस्याओं को सदन में उठाना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय लोगों के साथ खड़ा होना भी है।
घायल छात्रा को देखकर तत्काल मदद के लिए आगे आना जनप्रतिनिधि के मानवीय सरोकार और संवेदनशील सोच को दर्शाता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी मानवीय संवेदना और सहयोग की भावना की चर्चा की जा रही है।
