बेगूसराय में बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या, दो बाइक और तीन खोखे बरामद
बरौनी के फुलवड़िया थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक गणेश कुमार को तीन गोली मारकर ...और पढ़ें

युवक की हत्या के बाद घटनास्थल पर पहुंचे एसपी। जागरण
HighLights
फुलवड़िया में बाइक सवार अपराधियों ने युवक को गोली मारी।
मृतक गणेश कुमार की पहचान, घटनास्थल से बाइक बरामद।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, स्थानीय लोग चिंतित।
संवाद सूत्र, बरौनी (बेगूसराय)। फुलवड़िया थाना क्षेत्र के बख्तर स्थान के समीप शुक्रवार की संध्या बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक की गोली मार दी।
ताबड़तोड़ तीन गोली मारने के बाद अपराधी फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया जा रहा था, इसी दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान बरौनी नगर परिषद क्षेत्र के बाबा स्थान वार्ड संख्या एक निवासी राम कुमार राम उर्फ राम झल्लू राम के 25 वर्षीय पुत्र गणेश कुमार के रूप में हुई है।
घटनास्थल से दो बाइक व दो खोखे बरामद
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के समीप से एक बाइक तथा करीब 100 मीटर की दूरी से दूसरी बाइक बरामद की है। घटनास्थल से दो खोखे भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के पास मिली बाइक मृतक की बताई जा रही है, जबकि दूसरी बाइक के संबंध में जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गणेश कुमार एनएच-28 पर बाइक धोने का काम करता था। शुक्रवार की शाम वह अपनी दुकान से बाइक लेकर घर लौट रहा था।
इसी दौरान बख्तर स्थान के समीप दूसरी बाइक पर सवार अपराधियों से उसकी किसी बात को लेकर अनबन हुई। इसके बाद अपराधियों ने उस पर लगातार तीन गोलियां चला दीं। अपराधी दो की संख्या में थे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक बेगूसराय मनीष, एसडीपीओ तेघड़ा कृष्ण कुमार तथा फुलवड़िया थानाध्यक्ष विजय कुमार सहनी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
इधर, फुलवड़िया थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
