विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय में 24 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या, भाई से विवाद के बाद निकला था घर से

Published: Wed, 19 Aug 2026 01:21 PM (IST)

बेगूसराय के सिकंदरपुर गांव में 24 वर्षीय राहुल कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस पारिवारिक और नशे से जुड़े विवादों के एंगल से जांच कर रही है।

बेगूसराय में युवक की बेरहमी से हत्‍या। सांकेति‍क तस्‍वीर

बेगूसराय में युवक की बेरहमी से हत्‍या। सांकेति‍क तस्‍वीर

HighLights

  1. राहुल कुमार की बेगूसराय के सिकंदरपुर गांव में हत्या।

  2. हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा गया, शव बगीचे में मिला।

  3. पुलिस पारिवारिक और नशे के विवादों की जांच कर रही।

जागरण संवाददाता, बेगूसराय। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में मंगलवार की देर शाम 24 वर्षीय राहुल कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

हत्यारों ने उसके हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पिटाई की और मौत के बाद शव गांव के समीप एक बगीचे में फेंक दिया। मृतक सिकंदरपुर निवासी रामप्रताप राय का पुत्र था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस व वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। राहुल के हाथ-पैर बंधे थे। उसकी पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों पर लाठी-डंडे और चाबुक से बेरहमी से पीटे जाने के गहरे निशान मिले हैं।

पीठ पर गहरे जख्‍म के निशान 

प्रारंभिक स्थिति से आशंका है कि उसे पहले बंधक बनाया गया और फिर अधमरा होने तक पीटा गया। जिस बगीचे से शव बरामद हुआ है, वहां गांजा, स्मैक और अवैध शराब के सेवन व कारोबार से जुड़े लोगों का जमावड़ा रहता है।

ग्रामीणों के अनुसार राहुल नशे का आदी था। बताया गया कि घटना से कुछ समय पहले उसका छोटे भाई से विवाद हुआ था।

पुलिस को ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर जब राहुल के घर से करीब 300 मीटर दूर पहुंची तो उसका छोटा भाई घर से फरार मिला।

भाई से विवाद के बाद निकला था घर से 

इसके बाद पुलिस पारिवारिक विवाद के साथ ही कथित नशे के कारोबार से जुड़े विवाद के एंगल पर भी जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि राहुल की हत्या में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि शव देखने से स्पष्ट है कि युवक की बेरहमी से पिटाई की गई है। वहीं मृत्युंजय कुमार ने बताया कि राहुल की पीठ पर पिटाई के गहरे निशान थे।

हालांकि हत्या का वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।