विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय में दर्दनाक हादसा: मौसेरी बहन की शादी के कपड़े खरीदकर जा रहे युवक की मौत, मौसा जख्‍मी

Published: Wed, 17 Jun 2026 01:08 PM (GMT+05:30)

बेगूसराय के लाखो थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका मौसा ...और पढ़ें

बेगूसराय में सड़क हादसे में युवक की मौत।

बेगूसराय में सड़क हादसे में युवक की मौत।

HighLights

  1. लाखो में सड़क हादसे में युवक की मौत।

  2. मौसेरी बहन की शादी के कपड़े खरीदकर लौट रहा था।

  3. आक्रोशित परिजनों ने एनएच-31 को जाम किया।

संवाद सहयोग, लाखो (बेगूसराय)। लाखो थाना क्षेत्र के सत्य साईं पेट्रोल पंप के समीप बुधवार की सुबह करीब आठ बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। चचेरा मौसा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक नौला गांव निवासी संजीव महतो का 21 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार था। जबक‍ि उसका चचेरे मौसा 30 वर्षीय शुभांकर कुमार गंभीर रूप से घायल है। निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-31 को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया।

24 जून को होनेवाली है शादी

जानकारी के अनुसार, लाखो थाना क्षेत्र स्थित सत्य साईं पेट्रोल पंप के समीप सुबह करीब आठ बजे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।

बताया जाता है कि बलिया थाना क्षेत्र के राहतपुर निवासी कृष्ण महतो की पुत्री चुलबुल कुमारी की शादी आगामी 24 जून को होनी है। प्रिंस बरौनी से शादी के लिए कपड़े खरीदकर जा रहा था।  

दो घंटे तक सड़क पर डटे रहे लोग 

स्‍वजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए तथा मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-31 जाम कर दिया। सूचना पर लाखो थानाध्यक्ष शुभम कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ पहुंचे। 

फोरलेन के दूसरे हिस्से से वाहनों का परिचालन शुरू कराया और जाम में फंसी एंबुलेंस को सुरक्षित निकलवाया। करीब दो घंटे बाद मृतक के माता-पिता एवं गांव के जनप्रतिनिधियों के पहुंचने पर स्थिति सामान्य हुई।

इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्‍वजन को सौंप दिया गया।