विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रील का शौक पड़ा भारी, ट्रेन की चपेट में आए बेगूसराय के युवक की मौत; चंद लाइक्स के लिए न लें जान का जोखिम

Published: Thu, 17 Sep 2026 04:03 PM (IST)Updated: Thu, 17 Sep 2026 04:18 PM (IST)

चेन्नई में रील बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में बेगूसराय के मोहम्मद दिलशाद की ट्रेन की चपेट में आने ...और पढ़ें

घर में पसरा मातम

घर में पसरा मातम

HighLights

  1. चेन्नई में रील बनाते समय युवक ट्रेन की चपेट में आया।

  2. बेगूसराय के मो. दिलशाद की मौके पर ही मौत हो गई।

  3. सोशल मीडिया लाइक्स के लिए जान जोखिम में न डालें।

संवाद सहयोगी, बखरी (बेगूसराय)। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज की चाहत युवाओं से किस तरह जिंदगी का सबसे बड़ा जोखिम उठवा रही है, चेन्नई की यह घटना इसका दर्दनाक उदाहरण है। बखरी प्रखंड के चकहमीद गांव में रहकर पढ़ाई करने वाला करीब 20 वर्षीय मो. दिलशाद दो महीने पहले काम करने चेन्नई गया था।

बुधवार की शाम रेलवे ट्रैक के किनारे दोस्त के साथ टहलते समय दोनों रील बनाने के चक्कर में ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में दिलशाद की मौके पर ही मौत हो गई।

रील बनाने के चक्कर में रेलवे ट्रैक तक पहुंच गए दोस्त

बताया जाता है कि दिलशाद का दोस्त मो. अजीम पहले से चेन्नई के एक प्रसिद्ध मॉल में काम करता था। दोनों बुधवार शाम रेलवे ट्रैक के किनारे टहल रहे थे।

इसी दौरान सामने से ट्रेन आती देख दोनों ने कथित तौर पर रील बनाने के लिए जोखिम उठाया। इसी दौरान वे ट्रेन की चपेट में आ गए।

हादसे में दिलशाद की जान चली गई, जबकि अजीम गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाजरत है।

दो महीने पहले ही गया था चेन्नई, परिवार को थी भविष्य की उम्मीद

दिलशाद बखरी प्रखंड के चकहमीद गांव में अपनी बहन के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिवार की बेहतर जिंदगी के लिए वह करीब दो महीने पहले ही चेन्नई काम करने गया था।

वह बखरी से सटे खगड़िया जिले के बड़ी सिमराहा निवासी कलीम साफी का पुत्र था। परिजनों को उससे भविष्य संवारने की उम्मीद थी, लेकिन एक हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

चंद सेकंड की रील के लिए जिंदगी दांव पर नहीं लगाएं

रेलवे ट्रैक, चलती ट्रेन, ऊंची इमारत, तेज रफ्तार वाहन या किसी अन्य खतरनाक जगह पर वीडियो बनाना जानलेवा साबित हो सकता है।

सोशल मीडिया पर मिलने वाले कुछ लाइक्स और व्यूज की कीमत किसी की जिंदगी नहीं हो सकती। युवाओं को रील बनाते समय अपनी और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।

हिदायत: रेलवे ट्रैक पर न बनाएं रील, खतरा देखते ही लौट जाएं

रेलवे ट्रैक आम लोगों के लिए वीडियो बनाने या घूमने की जगह नहीं है। ट्रेन को आते देखकर सुरक्षित दूरी के बजाय उसके करीब जाकर वीडियो बनाने की कोशिश बेहद खतरनाक हो सकती है।

रील या फोटो के लिए रेलवे ट्रैक, चलती ट्रेन और अन्य जोखिम वाली जगहों का इस्तेमाल न करें। एक वीडियो कुछ सेकंड का होता है, लेकिन हादसे का दर्द परिवार को जिंदगीभर झेलना पड़ सकता है।