विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सड़क बनी 'स्विमिंग पूल': बेगूसराय में ग्रामीणों ने केक और फीता काटकर किया उद्घाटन, अनोखे अंदाज में जताया विरोध

Published: Fri, 11 Sep 2026 04:09 PM (IST)

छौड़ाही के ऐजनी पंचायत में ग्रामीणों ने जलजमाव से परेशान होकर सड़क पर जमा गंदे पानी के बीच फीता काटकर ...और पढ़ें

HighLights

  1. राजोपुर वार्ड में जलजमाव से परेशान ग्रामीणों का अनोखा विरोध।

  2. गंदे पानी में 'स्विमिंग पूल' का उद्घाटन कर समस्या उजागर की।

  3. करीब 500 लोग प्रभावित, बीमारियों का खतरा बढ़ा।

संवाद सहयोगी, छौड़ाही (बेगूसराय)। ऐजनी पंचायत के राजोपुर वार्ड नंबर एक में जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। सड़क पर जमा गंदे पानी के बीच ग्रामीणों ने फीता काटकर और केक काटकर सांकेतिक रूप से 'स्विमिंग पूल' का उद्घाटन किया।

ग्रामीणों ने कहा कि यह कोई जश्न नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी की समस्या की ओर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराने का शांतिपूर्ण तरीका है।

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के बाद वार्ड की पक्की सड़क पर कई जगह घुटने भर पानी जमा हो गया है। स्थिति यह है कि सड़क से गुजरने वाली बाइक के साइलेंसर तक पानी में डूब जा रहे हैं। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को इसी गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि जलजमाव से वार्ड की करीब 500 की आबादी प्रभावित है। करीब 50 घरों में पानी प्रवेश करने की स्थिति बनी हुई है।

मच्छर बढ़े, सांप-बिच्छू का भी डर:

ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया समेत अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

मौके पर योगी यादव, बिरल राय, अमिताभ बच्चन पटेल, सुमित पटेल, लाला बाबू, दिवाकर, अमित, नीतीश बिहारी, अमृत यादव समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।