विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श‍िवभक्‍तों पर चटकाई थी लाठ‍ियां, बेगूसराय में दारोगा को एसपी ने क‍िया सस्‍पेंड

Published: Tue, 18 Aug 2026 11:45 AM (IST)

बेगूसराय के गढ़पुरा स्थित बाबा हरिगिरि धाम में सावन की तीसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं से अमर्यादित व्यवहार करने वाले दारोगा ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, गढ़पुरा (बेगूसराय)। गढ़पुरा स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिगिरि धाम में सावन की तीसरी सोमवारी पर उमड़ी अप्रत्याशित भीड़ के बीच श्रद्धालुओं से अमर्यादित व्यवहार करना पुलिस पदाधिकारी को भारी पड़ गया।

मामले का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गढ़पुरा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक (SI) किशन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबन के बाद दारोगा किशन कुमार को मुख्यालय स्थित पुलिस केंद्र में योगदान करने का निर्देश दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने का भी आदेश दिया है।

श्रद्धालुओं से अमर्यादित व्यवहार का वीडियो हुआ वायरल

बताया जाता है कि सावन की तीसरी सोमवारी को बाबा हरिगिरि धाम में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। अप्रत्याशित भीड़ के बावजूद श्रद्धालु कतार में शांतिपूर्ण तरीके से खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान गढ़पुरा थाना में तैनात दारोगा किशन कुमार द्वारा श्रद्धालुओं के साथ कथित रूप से अमर्यादित व्यवहार किए जाने और विधि-व्यवस्था संभालने में त्रुटिपूर्ण तरीके से कार्य करने का वीडियो सामने आया।

एसपी ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

वीडियो और मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसआई किशन कुमार को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें पुलिस केंद्र में मुख्यालय करने का आदेश दिया गया है।

एसपी कार्यालय की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, बखरी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच अधिकारी से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।