Bihar News: जीतन राम मांझी की पार्टी HAM के युवा नेता की हत्या, मुंगेर में 108 घंटे बाद मिली डेड बॉडी
बेगूसराय के साहेबपुर कमाल में हम पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष राकेश कुमार उर्फ विकास का अपहरण कर हत्या कर दी गई। उनका शव मुंगेर सीमा के पास गंगा नदी में मिला। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है जिसमें से कुछ गिरफ्तार हुए हैं और अन्य फरार हैं। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

संवाद सूत्र, साहेबपुर कमाल (बेगूसराय)। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के संदलपुर वार्ड चार निवासी इंद्रदेव साह के पुत्र 32 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार उर्फ विकास की सशस्त्र अपराधियों ने अगवा कर हत्या कर दी। वे हम पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष और नवगठित 20 सूत्री सदस्य भी थे।
अपहरण के 108 घंटे बाद गुरुवार की सुबह उनका क्षत-विक्षत शव मुंगेर जिला की सीमा में गंगा नदी के मध्य सीता चरण मंदिर के समीप बालू में दबे अवस्था में बरामद किया गया।
स्वजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद मुंगेर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया। अपहरण व हत्या मामले में अब तक अपहर्ताओं की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों मेंं आक्रोश है।
बताते चलें कि शनिवार की देर शाम लगभग साढ़े सात बजे संदलपुर पंचायत के वार्ड संख्या चार निवासी इंद्रदेव साह के पुत्र हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री सदस्य राकेश कुमार उर्फ विकास का हथियार बंद बदमाशों ने अपहरण कर लिया था।
घर से मात्र सौ मीटर की दूरी स्थित एक दुकान के समीप एक दर्जन सशस्त्र अपराधियों ने मारपीट करते हुए उन्हें ज्ञानटोल गांव होते हुए दियारा ले गए थे। इस मामले में 11 लोगों को नामजद किया गया है।
मुख्य आरोपित ज्ञानटोल निवासी सरपंच सीता देवी का पति डब्ल्यू यादव फरार है। सरपंच समेत एक अन्य आरोपित महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपित के घर बुलडोजर भी चलाया है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।